प्रतापगढ़: छोटीसादड़ी पुलिस क्वार्टर में महिला कांस्टेबल की संदिग्ध मौत, परिवार ने उठाए सवाल
ड्यूटी पर अनुपस्थित होने पर जब महिला कॉन्स्टेबल क्वार्टर में जाकर देखा गया को उसका शव कमरे में मिला.

Published : May 28, 2026 at 1:31 PM IST
प्रतापगढ़: जिले के छोटीसादड़ी थाना परिसर स्थित पुलिस क्वार्टर में महिला कांस्टेबल सोम कुंवर का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. घटना की सूचना मिलते ही जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य स्वयं मौके पर पहुंचे. महिला कांस्टेबल वरमंडल क्षेत्र की निवासी बताई जा रही हैं. ईद पर्व को लेकर उन्हें सुबह पहरे की ड्यूटी पर लगाया गया था, लेकिन वह ड्यूटी पर नहीं पहुंचीं. कई बार फोन करने पर भी संपर्क नहीं हो सका.
कमरे में मिला शव: एसपी बी. आदित्य ने बताया कि जब महिला कांस्टेबल को कई बार कॉल करने के बाद संपर्क नहीं हो पाया तो थाना क्वार्टर पहुंचकर देखा गया तो महिला मृत अवस्था में मिलीं. घटना के बाद थाना परिसर में अफरा-तफरी मच गई. एसपी बी. आदित्य, उपखंड अधिकारी, छोटीसादड़ी सीओ सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. एफएसएल टीम और एमओबी टीम को बुलाया गया. आसपास के थानों की टीमें भी मौके पर पहुंच गईं.
इसे भी पढ़ें- कांस्टेबल की संदिग्ध मौत, परिजनों का ससुराल पक्ष पर हत्या करने का आरोप
परिजनों ने जांच की मांग की: घटना के बाद महिला कांस्टेबल के परिजन भी मौके पर पहुंचे और मामले को संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की. परिजनों ने निष्पक्ष जांच की मांग की है. उन्होंने बताया कि रात करीब 9 बजे महिला से बात हुई थी, वह पूरी तरह खुश और सामान्य थी. एक दिन पहले ही ड्यूटी से लौटी थीं. परिजनों ने पोस्टमार्टम पर आपत्ति जताते हुए एफएसएल जांच की मांग की और कहा कि यदि कोई नोट मिला है तो उसकी सच्चाई भी जांचनी चाहिए.
जांच में जुटी पुलिस: एसपी बी. आदित्य ने आश्वासन दिया कि परिवार की मांग अनुसार जांच अधिकारी नियुक्त किया जाएगा और पूर्ण निष्पक्ष जांच होगी. उन्होंने बताया कि क्वार्टर का दरवाजा अंदर से टूटा हुआ प्रतीत हो रहा है और महिला की स्कूटी भी क्वार्टर के सामने नहीं मिली. एसपी बी. आदित्य ने बताया कि मौके पर अब तक कोई नोट नहीं मिला है. हालांकि, परिजनों द्वारा किसी कागज के लिखे होने की बात कही गई है. पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है.
इसे भी पढ़ें- चारपाई पर मिला ट्रैफिक पुलिस के हेड कांस्टेबल का शव, नहीं खुला घर का दरवाजा तो साथियों ने तोड़ा

