कांची नदी किनारे बालू में दफन मिली 17 वर्षीय किशोरी की लाश, हत्या की आशंका, एक सप्ताह से थी लापता
एक हफ्ते से लापता 17 साल की किशोरी का शव कांची नदी के किनारे रेत में मिलने से हड़कंप मच गया.

Published : June 23, 2026 at 7:54 PM IST
रांचीः जिला के दशम फॉल थाना क्षेत्र अंतर्गत चुरगी पंचायत के सारजमडीह गांव स्थित कांची नदी किनारे मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब बालू में दफन एक किशोरी का शव बरामद हुआ. प्रथम दृष्टया में यह मामला हत्या कर शव को छिपाने की नीयत से बालू में दफनाने का प्रतीत हो रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया और एफएसएल, तकनीकी टीम तथा डॉग स्क्वायड की मदद से घटनास्थल की गहन जांच की गई. पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर पूरे घटनाक्रम की पड़ताल शुरू कर दी है.
कुत्ते के बालू खोदने से हुआ सनसनीखेज खुलासा
मंगलवार सुबह कुछ ग्रामीण कांची नदी की ओर गए थे. इसी दौरान उनकी नजर एक कुत्ते पर पड़ी, जो नदी किनारे बालू को लगातार अपने पंजों से खोद रहा था. ग्रामीणों को संदेह हुआ तो वे मौके पर पहुंचे. पास जाकर देखने पर बालू के बीच से मानव शव का हिस्सा दिखाई दिया. यह देखकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया. इसके बाद तत्काल इसकी सूचना दशम फॉल थाना पुलिस को दी गई.
पुलिस, प्रशासन और विशेषज्ञ टीम ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही दशम फॉल थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में लेकर जांच शुरू की. बाद में बुंडू डीएसपी ओमप्रकाश, बुंडू अंचलाधिकारी हंस हेंब्रम, थाना प्रभारी जयदीप टोप्पो, महिला थाना प्रभारी खुशबू कुमारी सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल भी मौके पर पहुंचा. मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम, तकनीकी टीम और डॉग स्क्वायड को बुलाया गया. विशेषज्ञ टीमों ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए और आसपास के क्षेत्र की भी बारीकी से जांच की.
एक सप्ताह से लापता थी किशोरी, मां ने की पहचान
जांच के दौरान शव की पहचान खूंटी जिले के मारांगहादा थाना क्षेत्र की निवासी के रूप में हुई. पुलिस के अनुसार किशोरी पिछले लगभग 14 वर्षों से अपनी मां के साथ अड़की थाना क्षेत्र के बाड़ीगाड़ा गांव स्थित अपने मामा के घर में रह रही थी. परिजनों ने बताया कि वह करीब एक सप्ताह से लापता थी. सूचना मिलने पर मृतक की मां को घटनास्थल पर बुलाया गया, जिन्होंने शव की पहचान अपनी बेटी के रूप में की.
शव की स्थिति देख हत्या की आशंका हुई मजबूत
पुलिस के अनुसार शव पर गले और चेहरे के आसपास चोट के निशान पाए गए हैं. शव क्षत-विक्षत अवस्था में मिला तथा उसे बालू में दफनाया गया था. प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि हत्या के बाद पहचान छिपाने के इरादे से शव को नदी किनारे बालू में दफना दिया गया. हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगा.
डीएसपी ओमप्रकाश ने क्या कहा
बुंडू डीएसपी ओमप्रकाश ने बताया कि मंगलवार सुबह स्थानीय ग्रामीणों से बालू में शव मिलने की सूचना मिली थी. पुलिस की जांच में पता चला कि शव अड़की थाना क्षेत्र से लापता किशोरी का है. इसके बाद मृतक की मां को बुलाया गया, जिन्होंने शव की पहचान अपनी बेटी के रूप में की. उन्होंने बताया कि शव की स्थिति से प्रतीत होता है कि किशोरी की हत्या छह से सात दिन पहले की गई है. पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है तथा हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है.
मुखिया पति ने बताई पूरी घटना
चुरगी पंचायत के मुखिया पति डिंबा मुंडा ने बताया कि मंगलवार सुबह एक ग्रामीण शौच के लिए नदी किनारे गया था. उसी दौरान उसे दुर्गंध महसूस हुई. उसने देखा कि एक कुत्ता बालू को अपने पंजों से तेजी से खोद रहा है. संदेह होने पर वह पास गया तो बालू में दफन एक युवती का शव दिखाई दिया. इसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने जांच के दौरान शव की पहचान खूंटी जिले के मारांगहादा थाना क्षेत्र के किशोरी के रूप में की.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद खुलेगा हत्या का राज
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स, रांची भेज दिया है. साथ ही घटनास्थल से जुटाए गए वैज्ञानिक साक्ष्यों और तकनीकी जांच के आधार पर पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल रिपोर्ट और अन्य जांच के आधार पर हत्या के कारणों तथा आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिलेगी. फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच में जुटी हुई है.
ये भी पढ़ेंः
दुमका में विवाहिता का शव बरामद, मायके वालों का आरोप- दूसरी महिला के चक्कर में दामाद ने की हत्या
गिरिडीह में वृद्ध की पीट-पीटकर हत्या, ट्रैक्टर चलवाने का करता था काम, जांच में जुटी पुलिस
रांची में युवती का शव बरामद, दुष्कर्म के बाद कार से कुचलने की आशंका

