ETV Bharat / state

श्रावस्ती में तीन दिन से लापता 12 वर्षीय लड़के का शव पेड़ से लटका मिला, मां ने जताई हत्या की आशंका

भिलौर के पेड़ से लटका मिला बालक का शव, परिजनों में कोहराम

श्रावस्ती में 12 वर्षीय लड़के का शव पेड़ से लटका मिला
श्रावस्ती में 12 वर्षीय लड़के का शव पेड़ से लटका मिला (Photo Credit; ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : July 4, 2026 at 4:20 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

श्रावस्ती: जिले के सोनवा थाना क्षेत्र के विशनापुर ठेगरहना गांव में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब दो दिन से लापता 12 वर्षीय बालक का शव गांव के बाहर भिलौर के पेड़ से लटका मिला. सूचना मिलते ही पुलिस, फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.

अपर पुलिस अधीक्षक चंद्र के सिंह (Video Credit; ETV Bharat)

अपर पुलिस अधीक्षक चंद्र के सिंह के अनुसार, मृतक की पहचान गांव निवासी लवकुश (12) के रूप में हुई है. लवकुश 1 जुलाई को घर से अचानक लापता हो गया था. काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला तो मां शांति देवी ने 2 जुलाई को सोनवा थाने में बेटे की गुमशुदगी दर्ज कराई थी. जिसके बाद पुलिस लवकुश की तलाश में जुट गई.


शनिवार सुबह जब ग्रामीण नाले की ओर गए तो वहां तेज दुर्गंध महसूस हुई. जब ग्रामीणों ने खोजबीन शुरू की तो बालक का शव भिलौर के पेड़ से लटका मिला. सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए. शव देखकर परिजनों में कोहराम मच गया.


घटना की सुचना मिलते ही, पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं. अपर पुलिस अधीक्षक ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच के आदेश दिए.


स्थानीय लोगों के अनुसार लवकुश अपने पांच भाइयों में तीसरे नंबर पर था. उसके पिता और चाचा का पहले ही निधन हो चुका है. परिवार की जिम्मेदारी बड़े भाई पर है, जो दूसरे प्रदेश में मजदूरी करता है. लवकुश गांव के ही एक विद्यालय में पढ़ता था. जहां उसका शव मिला, वह स्थान उसके घर से लगभग 150 मीटर की दूरी पर है.


पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा. फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है.

ये भी पढ़ें: अपनों ने ही रची 'अज्ञात' की झूठी कहानी; पुलिस जांच में खुला राज, सगे भाई ने ही गोली मारकर की थी बहन की हत्या