गुरुग्राम में खून से सना शव मिलने से सनसनी, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, पुलिस जांच जारी
गुरुग्राम में एक बुजुर्ग का शव मिलने से हड़कंप मच गया. शव पर चोट के निशान भी मिले हैं. पुलिस जांच कर रही है.


Published : January 6, 2026 at 2:08 PM IST
|Updated : January 6, 2026 at 3:06 PM IST
गुरुग्राम: हरियाणा के गुरुग्राम में मंगलवार सुबह एक बुजुर्ग का खून से सना शव मिलने से सनसनी फेल गई. सेक्टर-37 स्थित रमा गार्डन के पास सड़क पर पड़ा था. मृतक की पहचान 55 वर्षीय संजय निवासी बसई एन्क्लेव के रूप में हुई है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका: परिजनों ने बताया कि "संजय रोज की तरह सुबह करीब 7.30 बजे कार में घर से निकले थे. वह एक कॉलेज के बाहर कैंटीन चलाते थे. रोजाना सुबह इसी समय काम पर जाना होता था. कुछ समय बाद स्थानीय लोगों ने सड़क पर खून से सना हुआ शव देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. हैरानी की बात है कि संजय का शव उनकी कार से कुछ दूर पड़ा मिला था. इसी आधार पर हत्या की आशंका है".
स्टूडेंट्स से भी हुआ था विवाद: परिजनों का कहना है कि "यदि यह सड़क हादसा होता, तो शव कार में या कार के पास होता. शरीर पर गंभीर चोट के निशान भी हैं. यह पूरा मामला संदिग्ध नजर आ रहा है. कुछ दिन पहले उनका कॉलेज के छात्रों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया था". फिलहाल परिजन इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं".
जांच में जुटी पुलिस: SHO कुलदीप ने बताया कि "पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. शुरुआती जांच में पुलिस हत्या और सड़क हादसा दोनों एंगल से पड़ताल कर रही है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाला जा रहा है. घटनास्थल के आसपास के स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है. पुलिस मामले की जांच कर आगामी कार्रवाई करेगी".
ये भी पढ़ें: फरीदाबाद में दो गुटों के बीच विवाद, एक दूसरे पर बरसाए पत्थर, बच्चों समेत दर्जनभर लोग घायल
ये भी पढ़ें: पंचकूला में पिंजौर-कालका-शिमला हाईवे पर सख्ती, टोल पर शराब पीकर गाड़ी चलाने वाले की होगी धरपकड़

