ETV Bharat / state

केशवरायपाटन की नहर में दिखा शव, पुलिस निकाल रही थी कि दूसरी बॉडी आई नजर...फैली सनसनी

बालिता नहर में दो युवकों के शव तैरते दिखने से हड़कंप मच गया. एक की स्कूटी कोटा में लावारिश मिली.

Keshavrayapatan Police Station, Bundi
केशवरायपाटन पुलिस थाना, बूंदी (ETV Bharat Bundi)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : February 28, 2026 at 7:46 AM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

‎बूंदी: केशवरायपाटन की बालिता नहर में शुक्रवार देर शाम दो युवकों के शव तैरते दिखने से सनसनी फैल गई. सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया. नहर किनारे भीड़ हो गई. केशवरायपाटन पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंच ग्रामीणों की मदद से दोनों शव नहर से निकलवाए. शव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाए.

थाना प्रभारी दिनेश शर्मा ने बताया कि रात होने के कारण दोनों शवों को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया. शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपेंगे. जांच में पाया कि एक शव कोटा निवासी गौतम पंवार पुत्र रामावतार पंवार और दूसरा भवानीपुरा निवासी मुकेश लश्करी का है. थाना प्रभारी ने बताया कि गौतम की गुमशुदगी पहले ही कुन्हाड़ी थाना, कोटा में दर्ज कराई गई थी. गौतम की स्कूटी कोटा शहर के नांता नहर क्षेत्र में लावारिस मिली, जबकि शव कई किमी दूर केशवरायपाटन क्षेत्र की नहर में मिला. इस पहलु ने पुलिस जांच को पेचीदा बना दिया. पुलिस आत्महत्या समेत अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते जांच कर रही है.

पढ़ें:गुमशुदा बालक की नहर में मिली थी बॉडी, अब साइबर ठग 'किडनैप' की बात कह परिजनों को कर रहे फोन

‎एक की तलाश में थी पुलिस: ‎‎पुलिस जब पहले शव को निकाल रही थी. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गौतम पंवार के शव को निकालने की कोशिश के दौरान अचानक पानी की सतह पर दूसरा शव तैरता दिखा. इसे देख मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी और ग्रामीण सन्न रह गए. ‎थाना प्रभारी दिनेश शर्मा ने बताया कि दूसरे शव को तुरंत बाहर निकलवा अस्पताल पहुंचाया गया. दूसरा शव मुकेश लश्करी का था, जो मिर्गी रोग से पीड़ित बताया जा रहा है. आशंका है कि संभवतया नहर के पास से गुजरते समय दौरा पड़ने से पानी में गिर गया होगा. हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है. ‎‎‎एक नहर से दो शव मिलने से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई. एक युवक की स्कूटी कोटा और शव केशवरायपाटन में मिलने के पीछे महज दुर्घटना है या गहरी साजिश. शनिवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा.

पढ़ें:कोटा: मस्ती के दौरान नहर में डूबे दो युवक, दोस्त को बचाने कूदे एक की मौत