जींद के माइनर में मिले जेठ और बहू के शव, घर से संदिग्ध हालात में हुए थे गायब
जींद में माइनर में जेठ और बहू के शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई.

Published : July 6, 2026 at 7:59 PM IST
जींदः गांव पालवां से संदिग्ध हालात में गायब हुए जेठ और उसके छोटे भाई की पत्नी के शव गांव बड़ौदा के निकट बरसोला माइनर से बरामद हुए है. दोनों का हाथ एक दूसरे से बंधा हुआ था. शवों के पानी में ज्यादा समय तक रहने के कारण उनकी दशा बिगड़ गई. जिस पर शवों को पोसटमार्टम के लिए पीजीआई रोहतक रेफर किया गया है. मामले को जेठ और बहु के अंतरग रिश्तों को जोड़ कर देखा जा रहा है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को खुलासा सकेगा.
क्या है मामला: गांव पालवां निवासी राहुल (32) और उसके छोटे भाई की पत्नी सलिता (28) गत 26 जून को घर से संदिग्ध हालात में गायब हो गए थे. गत 28 जून का सलिता ने अपने पति के पास फोन कर कहा कि "वह राहुल के साथ चंडीगढ़ में है. पहले दोनों ने घर लौटने से मना किया. फिर तीन जुलाई को सलिता ने घर लौटने की बात कही. देर शाम को राहुल की कार नरवाना के निकट सिरसा ब्रांच नहर पटरी पर मिली. जिसका पिछला शीश टूटा हुआ था. दोनों की चप्पलें भी वहीं रखी थी. उचाना थाना पुलिस ने सलिता के पिता की शिकायत पर गुमशुदगी का पर्चा दर्ज किया था.
बरसोला माइनर से बरामद हुए दोनों के शव: पुलिस गोताखोरों की सहायता से सिरसा ब्रांच नहर को खंगाल रही थी. सोमवार को राहुल और सलिता के शव गांव बड़ौदा निकट बरसोला माइनर में तैरते मिले. दोनो का एक-एक हाथ एक दूसरे से बंधा हुआ था. सूचना मिलते ही उचाना थाना पुलिस फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंच गई और दोनों शवों को कब्जे में ले नागरिक अस्पताल नरवाना पहुंचाया. जहां शवों की हालात को देखते हुए पोस्टमार्टम के लिए पीजीआईएमएस रोहतक रेफर कर दिया. पोस्टमार्टम के बाद ही खुलासा हो पाएगा कि आखिर दोनों की मौत कैसे हुई.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजारः दोनों का आपस में एक-दूसरे के साथ हाथ बंधे होना इस तरफ इशारा करता है. मृतक राहुल भी शादीशुदा है. दोनों के बच्चे हैं. सिरसा ब्रांच नहर से ही बरसोला माइनर निकलती है. सिरसा ब्रांच नहर पर गाड़ी और दोनों की चप्पलें मिली हैं. जहां दोनों के शव बरामद हुए हैं, वह गांव से पांच किलोमीटर दूर है. फोरेंसिक टीम ने दोनों स्थानों से डंप उठाए हैं.
क्या बोले पुलिस अधिकारीः उचाना थाना प्रभारी चंद्रपाल ने बताया कि "दोनों के शव बरसोला माइनर से बरामद हो गए हैं. एक-दूसरे के साथ हाथ बंधे हुए थे. पोस्टमार्टम के लिए शवों को पीजीआई रोहतक ले जाया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पता चल पाएगा कि आत्महत्या है या कोई और कारण रहा है. फिलहाल मामले की जांच की जा रही है.

