बोधघाट थाना छत्तीसगढ़ में बना नंबर वन, केंद्रीय गृह मंत्रालय से मिला राष्ट्रीय सम्मान
छत्तीसगढ़ के बोधघाट थाने को प्रदेश में नंबर वन थाने का सम्मान मिला है.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : July 8, 2026 at 8:13 PM IST
बस्तर: छत्तीसगढ़ के बस्तर पुलिस का नाम ऊंचा हुआ है. पूरे प्रदेश में बस्तर पुलिस की पहचान में इजाफा हुआ है. बस्तर पुलिस के लिए गर्व और खुशी की खबर सामने आई है. जगदलपुर के बोधघाट थाने को पूरे छत्तीसगढ़ का सर्वश्रेष्ठ पुलिस थाना चुना गया है. केंद्रीय गृह मंत्रालय की एनुअल पुलिस स्टेशन रैंकिंग-2025 में बोधघाट थाने ने प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है. अपराध नियंत्रण से लेकर कम्युनिटी पुलिसिंग और नवाचार तक कई मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर यह राष्ट्रीय सम्मान मिला है.
जगदलपुर सीएसपी ने दी जानकारी
जगदलपुर सीएसपी सुमित कुमार ने इसकी पुष्टि की है. उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से जारी एनुअल पुलिस स्टेशन रैंकिंग 2025 का जिक्र किया. उन्होंने बताया कि इस रैंकिंग में जगदलपुर के बोधघाट थाने को पूरे छत्तीसगढ़ का नंबर-1 पुलिस थाना घोषित किया गया है. यह सम्मान अपराध नियंत्रण, एनडीपीएस मामलों में प्रभावी कार्रवाई, कम्युनिटी पुलिसिंग, पुलिस स्टेशन मैनेजमेंट, इनोवेशन इन पुलिसिंग और एक्सीलेंस इन पुलिसिंग जैसे विभिन्न मानकों पर बेहतर प्रदर्शन के आधार पर दिया गया है.

बस्तर पुलिस में खुशी की लहर
बस्तर रेंज और बस्तर जिले के इतिहास में यह पहला अवसर है. जब किसी थाने को पूरे प्रदेश में सर्वश्रेष्ठ पुलिस स्टेशन का राष्ट्रीय सम्मान मिला है. अधिकारियों ने इस उपलब्धि का श्रेय तत्कालीन थाना प्रभारी लीलाधर राठौर, वर्तमान थाना प्रभारी तामेश्वर चौहान और पूरे पुलिस स्टाफ की टीमवर्क को दिया है. उनका कहना है कि यह सम्मान बस्तर पुलिस की जन केंद्रित, पेशेवर और प्रभावी कार्यशैली का सबूत है. इस खबर से बस्तर रेंज के आईजी और तमाम बड़े अधिकारी बेहद खुश हैं.

