ETV Bharat / state

भागलपुर में फ्लड फाइटिंग के दौरान बड़ा हादसा, 21 मजदूरों से भरी नाव पलटी

भागलपुर में हादसा हुआ है. तटबंध को दुरुस्त करने के दौरान पलटी नाव. आगे पढ़ें पूरी खबर. रिपोर्ट- कृष्णनंदन

BOAT CAPSIZED IN BHAGALPUR
राघोपुर में नाव हादसा (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : August 26, 2026 at 5:29 PM IST

5 Min Read
Choose ETV Bharat

भागलपुर : बिहार में बाढ़ के बढ़ते खतरे के बीच भागलपुर के नवगछिया से बड़े हादसे की खबर सामने आई है. नवगछिया के राघोपुर में तटबंध की फ्लड फाइटिंग में लगे मजदूरों से भरी नाव अचानक तेज बहाव में पलट गई. नाव पर कुल 21 मजदूर सवार थे. हादसे के बाद 19 मजदूरों को एसडीआरएफ की टीम ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि दो मजदूर अभी भी लापता बताये जा रहे हैं. लापता मजदूरों की तलाश में एसडीआरएफ की टीम लगातार अभियान चला रही है.

तटबंध की मरम्मत के दौरान पलटी नाव : बताया जा रहा है कि राघोपुर में तटबंध टूटने के बाद उसकी मरम्मत और बचाव कार्य के लिए मजदूरों को लगाया गया था. इसी दौरान मजदूर नाव के जरिए फ्लड फाइटिंग के काम में जा रहे थे. नाव पर 21 मजदूर सवार थे. तेज बहाव के बीच अचानक नाव का संतुलन बिगड़ा और वह पानी में पलट गई.

नाव पलटते ही मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई. हादसे के बाद कई मजदूरों ने पानी में छलांग लगाकर अपनी जान बचाई. कुछ मजदूर तैरकर बाहर निकलने में सफल रहे. सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया. टीम ने 19 मजदूरों को तेज बहाव के बीच सुरक्षित बाहर निकाल लिया. हालांकि दो मजदूरों का अभी तक पता नहीं चल पाया है.

भागलपुर में नाव हादसा (ETV Bharat)

दो मजदूरों की तलाश अभी जारी : भागलपुर जिला प्रशासन ने जानकारी दी है कि 2 मजदूरों की तलाश अभी जारी है. दोनों लापता मजदूरों की तलाश के लिए एसडीआरएफ की टीम द्वारा लगातार सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है. राहत एवं बचाव कार्य पूरी तत्परता के साथ जारी है. लापता मजदूरों में बादल मंडल (पिता–सिकंदर मंडल, उम्र लगभग 32 वर्ष) और सिकंदर मंडल (पिता–स्वर्गीय योगेश्वर मंडल, उम्र लगभग 55 वर्ष) शामिल हैं.

Boat Capsized In Bhagalpur
भागलपुर में नाव पलटी (ETV Bharat)

हादसे का वीडियो भी आया सामने : घटना से जुड़ा वीडियो भी सामने आया है. वीडियो में मजदूर बाढ़ के बीच तटबंध की फ्लड फाइटिंग के काम में लगे दिखाई दे रहे हैं. इसी दौरान अचानक नाव पलटती नजर आती है. नाव के पलटते ही मजदूर पानी में गिर जाते हैं और अपनी जान बचाने के लिए तैरने लगते हैं. हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया. एसडीआरएफ की टीम ने तत्काल मोर्चा संभाला और तेज बहाव के बीच रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर 19 मजदूरों को बाहर निकाल लिया.

दो दिन पहले टूटा था तटबंध : राघोपुर में बाढ़ की स्थिति पहले से ही गंभीर बनी हुई थी. दो दिन पहले रात लगभग 2 बजे तटबंध टूट गया था. इसके बाद तटबंध को दुरुस्त करने और पानी के दबाव को नियंत्रित करने के लिए युद्धस्तर पर फ्लड फाइटिंग का काम शुरू किया गया था. इसी काम में मजदूरों को लगाया गया था. तटबंध की मरम्मत के दौरान ही नाव पलटने की घटना सामने आई. हादसे की सूचना मिलते ही बचाव दल को सक्रिय किया गया और मजदूरों को सुरक्षित निकालने का प्रयास शुरू किया गया.

Boat Capsized In Bhagalpur
तैरकर अपनी जान बचाते मजदूर (ETV Bharat)

परिजनों ने लगाया प्रशासन पर आरोप : लापता मजदूर के परिजन प्रशांत कुमार ने बताया कि उनके मामा पिछले दो दिनों से राघोपुर में नाव पर काम करने के लिए आए हुए थे. ठेकेदार के बुलाने पर वह बाढ़ की स्थिति के बीच तटबंध की मरम्मत और फ्लड फाइटिंग के काम में लगे थे. इसी दौरान नाव पलटने की सूचना मिली.

''सूचना मिलने के बाद जब हम मौके पर पहुंचे तो हमें मामा वहां दिखाई नहीं दिए. इसके बाद पता चला कि नाव हादसे में वह लापता हो गए हैं, एसडीआरएफ की टीम उनकी तलाश कर रही है. इस घटना के लिए जिला प्रशासन को जिम्मेदार है. मजदूर प्रशासन के लिए तटबंध की मरम्मत और बाढ़ से बचाव के काम में लगाए गए थे.''- प्रशांत कुमार, लापता मजदूर के परिजन

Boat Capsized In Bhagalpur
रेस्क्यू में जुटी एसडीआरएफ की टीम (ETV Bharat)

नेपाल में बाढ़ के बाद बिहार में बढ़ी चिंता : नेपाल में बाढ़ की स्थिति के बाद बिहार के कई इलाकों में भी नदियों के जलस्तर और बाढ़ के खतरे को लेकर चिंता बढ़ी हुई है. इसी बीच भागलपुर के राघोपुर में तटबंध की मरम्मत में लगे मजदूरों के साथ यह हादसा सामने आया है. फिलहाल प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम लापता मजदूर की तलाश में जुटी हुई है. हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य को लेकर भी स्थानीय स्तर पर गतिविधियां तेज कर दी गई हैं.

ये भी पढ़ें :-

क्या नेपाल के बाद बिहार में भी मचेगी तबाही? अमित शाह ने CM सम्राट से बात की

नेपाल में आई तबाही, बिहार में हाई अलर्ट.. पटना से लेकर विभिन्न जिलों में हलचल तेज