ETV Bharat / state

हरियाणा में नवंबर में होगी HTET 2026 की परीक्षा, बोर्ड चेयरमैन शंकर लाल धूपड़ ने दी जानकारी

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड नवंबर में अध्यापक पात्रता परीक्षा 2026 यानि HTET 2026 के लिए सितंबर में डेट जारी करेगा.

HTET 2026 EXAM IN HARYANA
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : August 24, 2026 at 6:38 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

भिवानी: हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने आगामी हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा 2026 की तैयारियां तेज कर दी हैं. बोर्ड के चेयरमैन शंकर लाल धूपड़ ने परीक्षा के आयोजन को लेकर स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि "बोर्ड इस बार परीक्षा को निर्धारित समय से पहले यानी नवंबर 2026 में आयोजित कराने की तैयारी कर रहा है. परीक्षा से जुड़ी फाइलों पर काम शुरू हो चुका है और सितंबर के पहले सप्ताह में परीक्षा कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा कर दी जाएगी. परीक्षा की अंतिम तिथियों पर बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक में चर्चा कर अंतिम फैसला लिया जाएगा."

'एचटेट परीक्षा में सफलता का प्रतिशत 16.50 से अधिक रहा': पिछली एचटेट परीक्षा के परिणामों पर बात करते हुए चेयरमैन शंकर लाल धूपड़ ने बताया कि "परिणाम काफी सकारात्मक रहे हैं और सफलता का प्रतिशत 16.50 से अधिक रहा है." परीक्षा परिणाम और उत्तर पुस्तिकाओं को लेकर अभ्यर्थियों द्वारा दर्ज कराई गई आपत्तियों पर उन्होंने कहा कि "बोर्ड सभी आपत्तियों की गहन निगरानी कर रहा है. सभी आपत्तियों और शंकाओं को संबंधित परीक्षा एजेंसियों और विशेषज्ञ फर्मों के पास भेज दिया गया है. एजेंसी की समीक्षा रिपोर्ट के आधार पर ही यह तय होगा कि परिणाम में कोई बदलाव या बढ़ोतरी होगी अथवा नहीं."

हरियाणा में HTET 2026 की परीक्षा के लिए सितंबर में डेट होगा जारी (ETV Bharat)

मॉडल स्कूल के शिक्षकों का रिजल्ट 30 से पहले होगा घोषितः इसके अतिरिक्त बोर्ड द्वारा आयोजित अन्य भर्ती परीक्षाओं का ब्योरा देते हुए चेयरमैन ने बताया कि "हाल ही में गवर्नमेंट मॉडल संस्कृति स्कूल, सीएम ट्रिपल ई और पीएम श्री स्कूलों के शिक्षकों के चयन के लिए परीक्षा का आयोजन किया गया था. यह परीक्षा कुल 69 केंद्रों पर आयोजित हुई, जिसमें 21,096 परीक्षार्थी शामिल हुए थे. बोर्ड की पूरी कोशिश है कि इस परीक्षा का परिणाम 30 तारीख से पहले घोषित कर दिया जाए." उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि "बोर्ड एक प्राधिकृत परीक्षा संचालन निकाय है और भविष्य में भी जो भी परीक्षाएं बोर्ड के दायरे में आएंगी, उनका पारदर्शी और समयबद्ध संचालन सुनिश्चित किया जाएगा."

ये भी पढ़ें-मॉडल संस्कृति व पीएम श्री स्कूलों में शिक्षक चयन परीक्षा 22 अगस्त को, हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने परीक्षाओं की तैयारियां की पूरी