आगरा में मासूम की मौत के बाद वाटर पार्क सील, संचालक गिरफ्तार
सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने वाले अन्य वाटर पार्कों पर भी कार्रवाई होगी.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : July 3, 2026 at 2:16 PM IST
आगरा: आगरा के खंदौली क्षेत्र में नौ वर्षीय बालक की वाटर पार्क में डूबने से गुरूवार को मौत हो गई. घटना के बाद प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्लू व्हेल वाटर पार्क को सील कर, पार्क संचालक को गिरफ्तार कर लिया.
प्रशासन ने साफ किया कि बिना लाइसेंस और सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने वाले अन्य वाटर पार्कों पर भी कार्रवाई होगी, जिसके बाद से वाटर पार्क संचालकों में हड़कंप है.
एसडीएम सुमित कुमार के अनुसार, बुधवार को गांव पुरा लोधी स्थित ब्लू व्हेल वाटर पार्क में डूबने से नौ वर्षीय अवी पुत्र राकेश की मौत हो गई. जिसके बाद ब्लू व्हेल वाटर पार्क संचालक केशव मौके से फरार हो गया.
इस मामले में मृतक अवी के पिता राकेश ने खंदौली थाना में ब्लू व्हेल वाटर पार्क संचालक केशव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था. डीसीपी आदित्य सिंह ने बताया, खंदौली थाना पुलिस ने दबिश देकर फरार ब्लू व्हेल वाटर पार्क के संचालक केशव को गिरफ्तार कर लिया है.
एसडीएम सुमित कुमार के निर्देश पर नायब तहसीलदार हरीलाल ने टीम के साथ मौके पर पहुंच कर ब्लू व्हेल वाटर पार्क को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया है. वाटर पार्क परिसर की बिजली आपूर्ति भी बंद करा दी गई है.
एसडीएम एत्मादपुर सुमित कुमार ने बताया कि एत्मादपुर तहसील में संचालित सभी वाटर पार्कों की जांच कराई जा रही है. जो भी मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
ग्रामीणों की शिकायत है कि ब्लू व्हेल वाटर पार्क गांव से बाहर सुनसान स्थान पर बना है. जहां पर बाहरी लोगों का जमावड़ा लगा रहता था. शराब सेवन जैसी गतिविधियां भी होती थीं. जिससे स्थानीय लोग परेशान थे. इसकी जांच कराई जा रही है.
ये भी पढ़ें: वॉटर पार्क में मासूम की मौत का मामला; 42 स्विमिंग पूल संचालकों को नोटिस, जानें-रजिस्ट्रेशन का पूरा खेल

