हजारीबाग के शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में रक्त की कमी, थैलेसीमिया मरीज को भी नहीं मिल रहा खून!
हजारीबाग के शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज के ब्लड बैंक में रक्त की कमी हो गई है. जिससे मरीज के परिजन परेशान हो रहे हैं.

Published : November 6, 2025 at 9:17 PM IST
हजारीबाग: जिला के शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज में ब्लड बैंक में रक्त की कमी हो गई है. जिससे वहां भर्ती मरीज के परिजन, ब्लड के लिए इधर उधर भाग रहे हैं.
दरअसल, राज्य सरकार ने ब्लड को लेकर नया नियम लागू कर दिया है. जिसके तहत ब्लड बैंक अब खून के बदले खून नहीं ले सकेंगे. अगर किसी भी जरूरतमंद शख्स को खून की जरूरत पड़ती है तो उसे खून के बदले खून लेने के लिए बाध्य नहीं किया जा सकता है.
इस नियम की वजह से हजारीबाग के शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज के ब्लड बैंक में खून की कमी हो गई है और मरीजों के परिजन इसे लेकर काफी परेशान हैं. आलम यह है कि कई मरीज, पिछले दो दिनों से ब्लड बैंक के चक्कर काट रहे हैं. हजारीबाग के शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज स्थित ब्लड बैंक में कुछ ही यूनिट ब्लड बचा हुआ है.
सुबह 10 बजे तक 20 यूनिट ब्लड था. 2 दिन पहले तक ब्लड बैंक में 100 यूनिट के आसपास ब्लड था लेकिन अब खत्म हो चला है. यही स्थिति रही तो कुछ घंटे के बाद ब्लड बैंक में एक यूनिट भी ब्लड नहीं बचेगा. -डॉ. नीरज कुमार, प्रभारी, ब्लड बैंक.
वहीं मरीज के परिजनों का कहना हैं कि ब्लड बैंक में खून नहीं होने की वजह से काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. पिछले दो दिनों से ब्लड बैंक के चक्कर काट रहे हैं लेकिन रक्त नहीं मिल पा रहा है. हजारीबाग के अलावा निजी नर्सिंग होम में भी ब्लड बैंक है लेकिन वहां भी ब्लड की कमी हो गई है. कुछ लोगों को बड़ी मुश्किल से ब्लड मिल पा रहा है जबकि दो महिलाएं सुबह से ब्लड बैंक के पास बैठी है क्योंकि उनके बच्चे थैलेसीमिया से पीड़ित है, उन्हें भी बच्चे के लिए रक्त नहीं मिल पाया है.

दरअसल, सरकार ने नियम बना दिया है लेकिन इस नियम के कारण रक्त लेने के लिए लोग बिना खून देने वालों के ही पहुंच रहे हैं. जिस कारण ब्लड बैंक में ब्लड की कमी हो गई है. इधर, ब्लड बैंक के सामने भी चुनौती खड़ी हो गई है कि आखिर वह भी कैसे ब्लड बैंक में रक्त की आपूर्ति करें?
ये भी पढ़ें- इमरजेंसी में खून की कमी से निपटने के लिए दो युवाओं ने बनाया 'BYDON' ऐप, बीमार माता-पिता से मिली प्रेरणा
रांची में खून की कमी को देखते हुए जगह-जगह लगाए गए ब्लड डोनेशन कैंप, सैकड़ों लोगों ने किया रक्तदान
रांची के ब्लड बैंकों में खून की घोर कमी, मरीजों की बढ़ी परेशानी

