ETV Bharat / state

कुशीनगर में खंड विकास अधिकारी की कारों में लगी आग; ग्रामीणों ने मचाया शोर, BDO बोले- बाहर से बंद था दरवाजा

थाना प्रभारी चंद्रभूषण प्रजापति ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है.

कारों में लगी आग
कारों में लगी आग (Photo credit: ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : February 27, 2026 at 10:46 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

कुशीनगर : जिले के नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के रामपुर खुर्द गांव में गुरुवार देर रात शरारती तत्वों ने खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) की दो गाड़ियों में आग लगा दी. घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया. ग्रामीणों की तत्परता से आग पर काबू पाया गया और बीडीओ को सुरक्षित बाहर निकाला गया. अधिकारी ने अज्ञात के खिलाफ तहरीर देकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है.


जानकारी के अनुसार, वाराणसी जिले के कठिराव गांव निवासी राम खेलावन राम वर्तमान में नेबुआ नौरंगिया ब्लॉक में खंड विकास अधिकारी के पद पर तैनात हैं. ब्लॉक परिसर स्थित सरकारी आवास की मरम्मत चलने के कारण वह रामपुर खुर्द में एक मकान में रह रहे हैं.

उन्होंने बताया कि गुरुवार देर रात बैठक से लौटकर सोने के बाद करीब 12 बजे उनके आवास के बाहर खड़ी सरकारी और निजी कार में किसी ने आग लगा दी. वाहनों में आग लगते ही सायरन बजने लगा. ग्रामीणों का शोर सुनकर आग लगने की जानकारी हुई. उन्होंने बताया कि दरवाजा बाहर से बंद था.

इस दौरान आवास का फाटक बाहर से बंद मिला, जिसे ग्रामीणों ने खोलकर बीडीओ को सुरक्षित बाहर निकाला. घटना से गांव में देर रात तक दहशत का माहौल रहा. सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक चंद्रभूषण प्रजापति पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे.

पुलिस आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए आरोपियों की पहचान में जुटी है. पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्जकर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है. जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा.

नेबुआ नौरंगिया थाना प्रभारी चंद्रभूषण प्रजापति ने बताया कि बीडीओ के घर के बाहर कुछ अराजक तत्वों द्वारा कार में आग लगाने की सूचना मिली थी, जिसके बाद मौके पर पहुंचकर पुलिस ने जांच पड़ताल की और कुछ अहम सुबूत भी पुलिस को मिले हैं. एफआईआर दर्ज कर पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी.

यह भी पढ़ें : रामपुर में डंपर से टक्कर के बाद कार में लगी आग, महिला सिपाही और उसके बेटे की मौत