लखनऊ में संदिग्ध हालात में BLO लापता; whatsapp ग्रुप पर आये मैसेज से मचा हड़कंप, SIR ड्यूटी में लगे थे
इंस्पेक्टर बीकेटी संजय कुमार सिंह ने बताया कि मामले में गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : February 25, 2026 at 6:08 PM IST
लखनऊ : राजधानी के जानकीपुरम विस्तार से एक बीएलओ (BLO) के संदिग्ध हालात में लापता होने का मामला सामने आया है. बीएलओ दिलीप सिंह सोमवार सुबह से लापता हैं. बीएलओ के आधिकारिक व्हाट्सएप ग्रुप पर आए संदेशों ने परिजनों और पुलिस की चिंता बढ़ा दी है. ग्रुप पर भेजे गये मैसेज में एक अधिकारी पर भी गंभीर आरोप लगाये गये हैं. पुलिस ने मामले गुमशुदगी दर्ज कर लापता बीएलओ की तलाश शुरू कर दी है.
इंस्पेक्टर बीकेटी संजय कुमार सिंह ने बताया कि मामले में गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है. पुलिस की टीमें दिलीप सिंह की तलाश में जुटीं हैं.
'व्हाट्सएप ग्रुप पर आया एक मैसेज' : परिजनों के मुताबिक, सोमवार शाम 5:40 बजे बीएलओ के मोबाइल से व्हाट्सएप (whatsapp) ग्रुप पर एक मैसेज आया, जिसने सबको चौंका दिया. जिसमें लिखा था कि "एसआईआर का कार्य छोड़कर जा रहा हूं. मेरे नोटिस फॉर्म मेरी बाइक के झोले में हैं." इसके ठीक कुछ देर बाद 5:54 बजे एक और मैसेज आया, जिसमें एक अधिकारी पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं.
'काॅल आने के बाद घर से निकले थे' : परिजनों के अनुसार, सोमवार सुबह साथी एक बीएलओ ने उन्हें फोन कर बुलाया था. दिलीप सिंह पैदल ही घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे. काफी खोजबीन के बाद पता चला कि उनके मोबाइल की आखिरी लोकेशन जुग्गौर इलाके में मिली थी, जिसके बाद उनका फोन बंद हो गया.
बीएलओ दिलीप सिंह जानकीपुरम विस्तार में अपनी पत्नी, दो बेटियों और एक बेटे के साथ रहते हैं. बीएलओ के संदिग्ध हालात में लापता होने के बाद घर में हड़कंप मचा हुआ है. पुलिस बीएलओ की तलाश के साथ-साथ यह पता लगाने की भी कोशिश कर रही है कि ग्रुप पर लिखे हुए मैसेज किसने भेजे हैं?

