कबीरधाम में अंधे कत्ल का खुलासा, आठ साल बाद दो आरोपी गिरफ्तार, अब तक 14 मामले सुलझे
कबीरधाम पुलिस ने आठ साल पुराने हत्या के मामले में सफलता हासिल की है.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : December 16, 2025 at 4:11 PM IST
कबीरधाम : कबीरधाम पुलिस ने 2017 के 8 साल पुराने अंधे कत्ल के सनसनीखेज मामले में आरोपियों को गिरफ्तार किया है.ये उपलब्धि पुलिस की सतत मेहनत, सूक्ष्म विवेचना, सशक्त मुखबिर तंत्र और संदेहियों पर लगातार निगरानी का परिणाम है.आपको बता दें कि बीते एक साल में कबीरधाम पुलिस ने जिले के 14 ब्लाइंड मर्डर मामलों का सफलतापूर्वक खुलासा किया है.
कब हुई थी हत्या ?
17 मई 2017 को थाना कुकदूर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अमनिया निवासी 14 वर्षीय बालिका राजबाई गोड़ का शव कोलिहामाड़ा नाला के पास भेलवा पेड़ पर उसकी चुनरी से लटका हुआ मिला था. प्रारंभिक जांच में मर्ग कायम कर शव पंचनामा एवं पोस्टमार्टम कराया गया. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टर ने मृत्यु का कारण गला दबाने से दम घुटना बताया , जिससे स्पष्ट हुआ कि ये आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या है. इसके आधार पर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध हत्या एवं साक्ष्य छिपाने का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरु की गई.

8 साल बाद सच आया सामने
घटना के बाद यह मामला लंबे समय तक अंधा कत्ल बना रहा. 8 साल बाद 2025 में कबीरधाम पुलिस ने पुराने अनसुलझे मामलों की फिर से समीक्षा की. जांच के दौरान इस प्रकरण को प्राथमिकता पर लेते हुए गहन जांच की गई. विवेचना के दौरान संदेहियों की पहचान कर उन पर निगरानी रखी गई और गुप्त मुखबिरों को सक्रिय किया गया. इसी क्रम में साक्षी लक्ष्मण टेकाम ने महत्वपूर्ण जानकारी दी, जिसका कथन न्यायालय में धारा 164 दंड प्रक्रिया संहिता के अंतर्गत दर्ज कराया गया.
हमारी टीम ने आठ साल पुराने मामले में सफलता हासिल की है.इस केस में 8 साल बाद जब दोबारा पूछताछ की गई तो एक चश्मदीद मिला.जिसने बताया कि उसने दो लोगों को लड़की की बॉडी को टांगते हुए देखा था.इस बात के बाद आरोपियों को बुलाकर कड़ाई से पूछताछ की गई.जिसमें दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया- धर्मेंद्र सिंह,एसपी
आरोपी ने पुलिस के सामने कबूला गुनाह
साक्ष्यों के आधार पर आरोपी रमला उर्फ राम धुर्वे से पूछताछ में खुलासा हुआ कि दयाल उर्फ दयालाल बैगा ने बालिका की गला दबाकर हत्या की थी और दोनों ने मिलकर शव को फांसी पर लटका कर आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया. इसके बाद आरोपी दयाल उर्फ दयालाल बैगा को गिरफ्तार कर लिया गया.पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के नेतृत्व में थाना कुकदूर पुलिस टीम की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है. कबीरधाम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि गंभीर अपराध चाहे कितने भी पुराने हो, अपराधी कानून से बच नहीं सकते.
मरवाही में बाइक सवार पिता पुत्र को ट्रक ने मारी टक्कर, कोहरे की वजह से बढ़े सड़क हादसे
सुकमा में नया सुरक्षा कैंप, माओवाद प्रभावित इलाके में मजबूत होगी पकड़, विकास को मिलेगी रफ्तार
छत्तीसगढ़ विधानसभा में सड़क मरम्मत पर सदन में टकराव, मंत्री के जवाब को कांग्रेस विधायक ने बताया गलत

