ETV Bharat / state

यमुनानगर में कबाड़ी की दुकान पर ब्लास्ट, एक की मौत, एक गंभीर, अलाव सेक रहे थे मजदूर

यमुनानगर में जोरदार धमाके से दहला बल्लेवाला गांव, हादसे में एक युवक की मौत हो गई है, जबकि दूसरा गंभीर है.

यमुनानगर में कबाड़ी की दुकान पर ब्लास्ट
यमुनानगर में कबाड़ी की दुकान पर ब्लास्ट (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : December 25, 2025 at 8:48 AM IST

|

Updated : December 25, 2025 at 9:35 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

यमुनानगर: हरियाणा में यमुनानगर के बल्लेवाला गांव के पास स्थित एक कबाड़ी की दुकान में देर शाम अचानक हुए जोरदार धमाके से पूरे इलाके में हड़कंप का माहौल बन गया. इस दर्दनाक हादसे में एक युवक की मौत हो गई. जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल को इलाज के लिए चंडीगढ़ के पीजीआई रेफर किया गया है. धमाका इतना तेज था कि इसकी आवाज करीब दो किलोमीटर दूर तक सुनी गई. जिससे आसपास के लोग दहशत में आ गए.

कबाड़ी की दुकान पर धमाका: यह हादसा प्रताप नगर क्षेत्र के स्टोन क्रेशर जोन से सटी बल्लेवाला मार्केट में हुआ. पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों युवक कबाड़ी की दुकान के बाहर खुले में पड़े लोहे और कबाड़ के पास बैठकर आग जलाकर हाथ सेक रहे थे. ठंड से बचने के लिए जलाई गई. इसी आग की चिंगारी कबाड़ में चली गई. बताया जा रहा है कि वहां एक कंप्रेसर और अन्य कबाड़ के साथ ज्वलनशील गैस या सामान मौजूद था, जो आग के संपर्क में आते ही फट गया और जोरदार धमाका हो गया.

हादसे में युवक की मौत: धमाके के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. आसपास के दुकानदार और लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को बचाने की कोशिश की. प्रताप नगर थाना प्रभारी नर सिंह ने बताया कि "घायलों को तुरंत बल्लेवाला निवासी एक व्यक्ति की कार से यमुनानगर के सिविल अस्पताल ले जाया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें चंडीगढ़ PGI रेफर कर दिया. पीजीआई ले जाते समय रास्ते में ही एक युवक ने दम तोड़ दिया. इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भिजवा दिया. जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा. वहीं, दूसरे युवक की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज पीजीआई चंडीगढ़ में चल रहा है".

यमुनानगर में कबाड़ी की दुकान पर ब्लास्ट (Etv Bharat)

आग जलाकर हाथ सेक रहे थे मजदूर: पुलिस ने बताया कि "हादसे की सूचना मिलते ही सीआईए और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. घटनास्थल से जरूरी सबूत जुटाए जा रहे हैं, ताकि हादसे के सही कारणों का पता लगाया जा सके. दोनों युवक काफी समय से उसके यहां काम कर रहे थे. शाम के समय वे गोदाम में कबाड़ के पास आग जलाकर हाथ सेक रहे थे. कबाड़ में कैपेसिटर भी पड़े थे और आशंका है कि आग लगने से उन्हीं में विस्फोट हुआ, जिससे यह हादसा हुआ".

ये भी पढ़ें: फरीदाबाद कबाड़ी मार्केट के कई गोदामों में लगी भीषण आग, लाखों का स्क्रैप जलकर खाक, दूर-दूर तक फैला काला धुआं

ये भी पढ़ें: नूंह में तेज़ रफ्तार ट्रक का कहर, सड़क किनारे खड़े युवकों को रौंदा, 3 की मौत

Last Updated : December 25, 2025 at 9:35 AM IST