भिवाड़ी पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट मामला: एक और मजदूर ने तोड़ा दम, मृतक संख्या आठ हुई
दो श्रमिकों की हालत गंभीर होने पर दिल्ली एम्स रेफर किया गया. इनमें अमित ने दम तोड़ दिया जबकि दूसरे की हालत भी गंभीर है.

Published : February 22, 2026 at 1:59 PM IST
खैरथल: जिले के भिवाड़ी में एक सप्ताह पहले अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए ब्लास्ट में गंभीर रूप से घायल एक और मजदूर ने दम तोड़ दिया. इसके साथ ही हादसे में मृतक संख्या बढ़कर आठ हो गई. भिवाड़ी के एडिशनल एसपी अतुल साहू ने बताया कि अमित नामक मजदूर फैक्ट्री में हुए ब्लास्ट में बुरी तरह जख्मी हो हो गया था. उसकी हालत अत्यंत नाजुक होने के कारण उसे दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
हादसे वाले दिन सात मजदूरों की मौके पर मौत हो गई थी. कई गंभीर घायल हो गए थे. इनको पहले भिवाड़ी और आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया, लेकिन दो श्रमिकों की हालत गंभीर होने पर दिल्ली एम्स रेफर किया गया. इनमें अमित ने रविवार को दम तोड़ दिया जबकि दूसरे घायल मजदूर की हालत भी गंभीर है.
पढ़ें:फैक्ट्री में धमाके बाद लगी आग, जिंदा जलकर 7 लोगों की मौत - RAJASTHAN FACTORY FIRE
एएसपी साहू ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पाया कि फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालना नहीं की जा रही थी. विस्फोटक सामग्री के भंडारण और संचालन में लापरवाही की आशंका है. पुलिस ने फैक्ट्री संचालक समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया. उनसे पूछताछ जारी है. इधर, पीड़ित परिवारों ने कहा कि यदि फैक्ट्री में पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम होते तो इतनी बड़ी जनहानि नहीं होती. प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू कर दी. प्रशासन ने औद्योगिक क्षेत्र की अन्य इकाइयों में भी सुरक्षा मानकों की जांच के निर्देश दिए ताकि भविष्य में ऐसी पुनरावृत्ति न हो.
पढ़ें: भिवाड़ी ब्लास्ट: मुख्य आरोपी फैक्ट्री मालिक को दिल्ली से पकड़ा, पूछताछ में हुए कई खुलासे

