शामली में अंकित बालियान के परिजनों से मिले राकेश टिकैत; बोले- "हम अपना निर्णय 2 सितंबर को लेंगे"
हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की 26 अगस्त को उत्तर प्रदेश के जनपद शामली में हत्या कर दी गई थी.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : August 30, 2026 at 7:51 PM IST
शामली : भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने रविवार को अंकित बालियान के परिजनों से मुलाकात की. उन्होंने परिजनों से मिलकर घटना पर दुख जताया. उन्होंने कहा कि हम पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं. उन्होंने कहा कि हम अपना निर्णय 2 सितंबर को लेंगे.
उन्होंने कहा कि आज अंकित बालियान के परिवार से मुलाकात की है. उन्होंने कहा कि सबको एक ही दर्द है कि होनहार बच्चे की हत्या हुई और अब तक कोई ठोस कदम पुलिस प्रशासन ने नहीं उठाया है. उन्होंने कहा कि पुलिस जब अपना काम कर देगी तो परिवार के लोग समझ जाएंगे और जब तक पुलिस प्रशासन अपना काम नहीं करता तो यह अपनी बात मजबूती के साथ में कहते रहेंगे.
उन्होंने कहा कि दुखद घटना है. इस तरीके की घटनाएं न हों जाएं तो प्रशासन को ठोस कदम उठाना चाहिए. उन्होंने कहा कि प्रशासन के लोग यहां पर आए थे. 2 सितंबर को शोक सभा यहां पर है तो उससे पहले पहले प्रशासन को काम अपना कर देना चाहिए. उन्होंने कहा जो उत्तर प्रदेश की कार्यशैली है, जो मुख्यमंत्री जी की कार्यशैली है उस पर यहां की पुलिस को खरा उतरना चाहिए. उन्होंने कहा कि हम परिवार के साथ में हैं. हम अपना निर्णय 2 सितंबर को लेंगे.
यह था मामला : बता दें कि हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की 26 अगस्त को उत्तर प्रदेश के जनपद शामली में हत्या कर दी गई थी. घटना उस वक्त की है जब 26 अगस्त को वह जिम से बाहर निकल कर अपनी गाड़ी में बैठने जा रहे थे. उसी दौरान चार अज्ञात बदमाशों ने अंकित बालियान पर अंधाधुंध फायरिंग कर हत्या कर दी थी.

