झारखंड राज्य फार्मेसी काउंसिल में भ्रष्टाचार और अनियमितताओं की जांच की उठी मांग, भारतीय जनता युवा मोर्चा ने राज्यपाल से की शिकायत
भारतीय जनता युवा मोर्चा के शिष्टमंडल ने राज्यपाल से मिलकर झारखंड फार्मेसी काउंसिल में भ्रष्टाचार और अनियमितता की शिकायत की है.

Published : May 26, 2026 at 5:42 PM IST
रांची़ः झारखंड राज्य फार्मेसी काउंसिल में भ्रष्टाचार और अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए भारतीय जनता युवा मोर्चा का एक शिष्टमंडल लोकभवन में राज्यपाल संतोष कुमार गैंगवार से मिलकर ज्ञापन सौंपा. इस दौरान शिष्टमंडल के द्वारा झारखंड राज्य फार्मेसी काउंसिल में भ्रष्टाचार और अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की गई.
राज्यपाल से मिलने के बाद लोकभवन के बाहर मीडिया से बातचीत में BJYM प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज ने कहा कि झारखंड राज्य फार्मेसी काउंसिल पूरी तरह “वसूली केंद्र” बन चुका है, जहां फार्मेसी की पढ़ाई करने वाले छात्र-छात्राओं से एडमिशन से लेकर नौकरी तक हर स्तर पर पैसे की मांग की जाती है. उन्होंने आरोप लगाया कि नामांकन, सर्टिफिकेट वेरिफिकेशन, थ्योरी और प्रैक्टिकल परीक्षा, यहां तक कि इंटर्नशिप तक के लिए “रेट चार्ट” तय है.
शशांक राज ने कहा कि पिछले 18 महीनों से एक गैर-सरकारी व्यक्ति को रजिस्ट्रार पद पर अतिरिक्त प्रभार देकर रखा गया है. उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब स्वास्थ्य विभाग और सरकार की मिलीभगत से हो रहा है, ताकि अवैध वसूली का पैसा ऊपर तक पहुंच सके.
दोषी अधिकारियों और संरक्षण देने वाले पदाधिकारियों पर हो कार्रवाई
भारतीय जनता युवा मोर्चा ने फार्मेसी काउंसिल के कुछ पदाधिकारियों और अधिकारियों पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं और पूरे कार्यकाल की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है. BJYM ने मांग की कि दोषी अधिकारियों और संरक्षण देने वाले पदाधिकारियों पर कार्रवाई की जाए, ताकि गांव-कस्बों से आने वाले गरीब छात्र-छात्राओं को न्याय मिल सके. संगठन ने राज्यपाल से आग्रह किया कि वर्तमान रजिस्ट्रार को तत्काल पद से हटाया जाए और उन्हें आगे किसी प्रकार का एक्सटेंशन न दिया जाए.
ये भी पढ़ें-
लोक भवन पहुंचा पलामू का मुद्दा, JET-2026 में क्षेत्रीय भाषाओं और उम्र सीमा में बदलाव की मांग

