भूपेश बघेल का पुतला भाजयुमो ने रायपुर में फूंका, कांग्रेस को बताया भगवान राम का विरोधी
भारतीय जनता युवा मोर्चा ने कांग्रेस पर देवताओं और साधु संतों के अपमान का आरोप लगाया.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : December 29, 2025 at 7:01 AM IST
रायपुर: भारतीय जनता युवा मोर्चा ने एक बार फिर पूर्व सीएम भूपेश बघेल और कांग्रेस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. रविवार को भाजयुमो ने भूपेश बघेल का पुतला फूंका और कांग्रेस पर भगवान राम और साधु संतों के अपमान का आरोप लगाया. पुतला फूंकने आए भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने कहा कि कांग्रेस राम विरोधी है और हमेशा देश के साधु संतों का अपमान करती है. भाजयुमो ने कांग्रेस पर सनातन विरोधी होने का भी आरोप लगाया. भूपेश बघेल के साधु संतों के ऊपर दिए बयान से नाराज होकर भाजयुमो के कार्यकर्ताओं ने रविवार को प्रदेशभर में प्रदर्शन किया और बघेल का पुतला फूंका.
भाजयुमो ने फूंका कांग्रेस का पुतला
भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने अलग-अलग जिलों में प्रदर्शन करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी के नेता लगातार सनातन धर्म, साधु-संतों और धार्मिक आस्थाओं को ठेस पहुंचाने का काम कर रहे हैं. कांग्रेस के बड़े नेता अक्सर मंचों से सनातन धर्म के खिलाफ बयानबाजी भी करते रहते हैं. सनातन धर्म को मानने वालों का मजाक उड़ाते हैं.
''हिंदू आस्था पर चोट करना कांग्रेस की आदत में शुमार'
भाजपा जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित कई कांग्रेसी नेताओं ने खुलकर सनातन धर्म का विरोध खुलेआम मंचों से किया है. रायपुर बीजेपी जिला अध्यक्ष ने कहा, अंतरराष्ट्रीय कथा वाचक पं. प्रदीप मिश्रा और पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का विरोध कर कांग्रेस ने ये साफ कर दिया है कि वो हिंदू धर्म की आस्था के खिलाफ है और उसकी स्क्रिप्ट उसे कहीं और से लिखी मिलती है.

जब रामसेतु का मुद्दा आया, तब कांग्रेस ने उसे काल्पनिक बताया और भगवान श्रीराम को भी काल्पनिक कहने का दुस्साहस किया. राम मंदिर निर्माण के बाद आमंत्रण मिलने के बावजूद गांधी परिवार दर्शन के लिए नहीं गया, जो कांग्रेस की मानसिकता को दर्शाता है: रमेश सिंह ठाकुर, बीजेपी जिला अध्यक्ष, रायपुर

कांग्रेस नेताओं ने लगातार हमारे साधु-संतों का अपमान करती रही है. पं. प्रदीप मिश्रा के प्रवचनों और शिव-भक्ति से गांव-गांव, गली-गली में सनातनी जागृत हो रहे हैं. वहीं, धीरेंद्र शास्त्री ने बागेश्वर धाम की महिमा के माध्यम से सनातन को जागृत करने का काम किया है. लेकिन कांग्रेस को इससे कोई मतलब नहीं है: राहुल योगराज टिकरिहा, भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष
धर्मांतरण के मुद्दे पर कांग्रेस पर सियासी वार
राहुल योगराज टिकरिहा ने आरोप लगाया कि धर्मांतरण कराने वालों से दिल्ली में मुलाकात कर उन्हें संरक्षण देने वालों को सनातन धर्म और साधु-संतों पर बोलने का कोई अधिकार नहीं है. राहुल योगराज टिकरिहा ने दावा किया कि सनातन विरोध की वजह से कांग्रेस अब कुछ राज्यों तक ही सीमित रह गई है और आने वाले समय में उसका राजनीतिक अस्तित्व समाप्त हो जाएगा.
इस विरोध प्रदर्शन में भाजयुमो और बीजेपी के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए. प्रदर्शन में मुख्य रुप से अमन प्रताप, विशाल पांडेय, वासु शर्मा, पिंटू साहु, अर्पित सूर्यवंशी, प्रणय साहू, अश्वनी विश्वकर्मा, शंकर साहू, अभिषेक धनगर, योगी साहू, शुभंकर द्विवेदी, युगल वर्मा, भारत कुंड, आकाश शर्मा, राज गायकवाड, राहुल वर्मा, सुरेंद्र साहू, गुरमीत सिंह, गोपाल साहू और धर्मेश वर्मा मौजूद रहे.

