BJP का नगरीय विकास संकल्प पत्र जारी, सीएम–प्रदेशाध्यक्ष बोले, 'हम जो कहते हैं, वह करते हैं'
संकल्प पत्र में स्ट्रीट वेंडर, ऑटो और टैक्सी चालकों को पीएम बीमा योजना के तहत बीमा कवर का प्रस्ताव है.

Published : September 2, 2026 at 3:59 PM IST
जयपुर: निकाय चुनाव 2026 को लेकर भाजपा ने अपना 'नगरीय विकास संकल्प पत्र' जारी कर शहरों के विकास का रोडमैप सामने रखा. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने संयुक्त रूप से संकल्प पत्र का विमोचन किया. भाजपा के संकल्प पत्र में अगले पांच वर्षों में शहरी क्षेत्रों में सड़क, शिक्षा, चिकित्सा और पर्यावरण से जुड़े विकास कार्यों पर जोर दिया गया है.
संकल्प पत्र में सरकार ने एक लाख आवास, 7 लाख घरों में पीएनजी कनेक्शन और 2 हजार पिंक टॉयलेट बनाने का संकल्प लिया है. इसके साथ ही शहरों में 15 लाख स्ट्रीट लाइट लगाने की घोषणा की गई है. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि शहरों के विकास की दिशा के विजन के साथ भाजपा यह संकल्प पत्र लाई है. वहीं मदन राठौड़ ने कहा कि जनता को मुख्यमंत्री की गारंटी पर भरोसा है और भाजपा जो कहती है, उसे पूरा करने के लिए दृढ़ संकल्पित रहती है.
सीवरेज से सफाई तक फोकस: संकल्प पत्र में कहा गया कि 3 हजार किलोमीटर पुरानी सीवरेज लाइन की मरम्मत और विस्तार किया जाएगा. कचरा संग्रहण व्यवस्था के लिए व्हीकल ट्रैकिंग सिस्टम लगाया जाएगा, जबकि पुराने कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जाएगा. रोबोटिक सफाई मशीनें उपलब्ध कराने के साथ सफाईकर्मियों की भर्ती की जाएगी. शहरी क्षेत्रों में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए ई-व्हीकल चार्जिंग पॉइंट विकसित किए जाएंगे. घरों में सोलर पैनल लगाने को प्रोत्साहित किया जाएगा.
संकल्प पत्र के अनुसार शहरों में 24 घंटे बिजली आपूर्ति का लक्ष्य रखा गया है. पार्किंग स्थल, फूड कोर्ट और चौराहों के विकास के साथ शहरों के सौंदर्यीकरण पर भी फोकस रहेगा. संकल्प पत्र में शहरों की अर्थव्यवस्था से जुड़े छोटे कामगारों को भी शामिल किया गया है. स्ट्रीट वेंडर, ऑटो और टैक्सी चालकों को प्रधानमंत्री बीमा योजना के तहत बीमा कवर देने का प्रस्ताव रखा गया है. वरिष्ठ नागरिकों के लिए सेवा केंद्र और निराश्रित पशुओं के लिए शेल्टर होम विकसित करने की घोषणा भी की गई है.

'हम जो कहते हैं, वह करते हैं': राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी पर जिस तरह जनता को भरोसा है, उसी तरह राजस्थान में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की गारंटी पर भी जनता विश्वास करती है. उन्होंने कहा कि भाजपा सिर्फ घोषणा नहीं करती, बल्कि उसे पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध रहती है. राठौड़ ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकारों ने पांच साल में जितना काम किया, उससे ज्यादा काम भजनलाल शर्मा की सरकार ने दो साल में करके दिखाया है.
विधायक फंड में 28 करोड़ दिए: मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा जब सरकार में आई थी, उससे पहले जनता के सामने संकल्प पत्र रखा था और सरकार ने अपने संकल्पों को पूरा करने की दिशा में काम किया है. उन्होंने कांग्रेस सरकार पर चुनावों को लंबे समय तक खींचने और बार-बार आचार संहिता लगने का आरोप लगाया. मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने 'वन स्टेट वन इलेक्शन' की दिशा में काम कर प्रदेश का पैसा और समय दोनों बचाने का प्रयास किया है. विधायक फंड में पांच साल में 25 करोड़ रुपए मिलते हैं, लेकिन हमारी सरकार ने ढाई सालों में विधायक फंड में 28 करोड़ रुपए दिए.
'वन स्टेट वन इलेक्शन करवा दिया': सीएम भजनलाल ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के एक बड़े नेता ने कहा था कि आपके 'काका जी' भी वन स्टेट वन इलेक्शन नहीं करवा सकते. आज प्रदेश में वन स्टेट वन इलेक्शन हो रहा है. वो कहते यमुना का पानी राजस्थान नहीं आ सकता, लेकिन प्रदेश सरकार ने यमुना जल समझौता किया. कांग्रेस ने कई निकायों को दो-दो कर दिया, लेकिन हमने नियम बनाकर वार्डो का पुनर्गठन किया. कांग्रेस सरकार ने तुष्टिकरण की नीति से पुनर्गठन किया था. कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी, संगठन महामंत्री अजेय कुमार, सांसद मंजू शर्मा, घनश्याम तिवाड़ी सहित घोषणा पत्र समिति के सदस्य मौजूद रहे.
संकल्प पत्र की प्रमुख घोषणाएं :
- अगले 5 सालों में सड़क, शिक्षा, चिकित्सा, पर्यावरण पर विशेष फोकस
- 1 लाख हाउसिंग प्लॉट
- 7 लाख घरों में पीएनजी गैस कनेक्शन
- 2 हजार पिंक टॉयलेट
- 15 लाख स्ट्रीट लाइट
- स्ट्रीट वेंडर, ऑटो एवं टैक्सी चालकों को पीएम बीमा के तहत बीमा कवर
- पार्किंग स्थल, फूड कोर्ट, चौराहा का विकास
- पुराने कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण
- कचरा संग्रहण में व्हीकल ट्रैकिंग सिस्टम
- 3000 किलोमीटर पुरानी सीवरेज लाइन की मरम्मत
- रोबोटिक सफाई मशीन होगी उपलब्ध
- वरिष्ठ नागरिक सेवा केंद्र होंगे स्थापित
- निराश्रित पशुओं के लिए शेल्टर होम
- शहर में ईवी चार्जिंग पॉइंट
- शहरों में 24 घंटे बिजली आपूर्ति
- सभी अभय कांड सेंटर जुड़ेंगे एआई से
- प्रत्येक निकाय में रेहड़ी-पटरी वालों के लिए अलग वेंडिंग जोन
- प्रत्येक निकाय क्षेत्र में पार्किंग स्थल होंगे विकसित
- निगम और नगर परिषद क्षेत्रों में फूड कोर्ट
- पार्कों में मॉर्निंग वॉक ट्रैक, ओपन जिम और योग शिक्षकों की व्यवस्था
- NAKSHA योजना के तहत भूमि रिकॉर्ड होंगे तैयार
- भवन निर्माण के नक्शों की फाइलों का ऑनलाइन प्रक्रिया से एक सप्ताह में निस्तारण
- मुख्य सड़कों और चौराहों को ट्रैफिक लाइट फ्री बनाने की दिशा में कार्य
- घनी आबादी वाले क्षेत्रों में हाईटेंशन बिजली लाइनों को चरणबद्ध तरीके से भूमिगत किया जाएगा
- प्रमुख पार्कों और जलभराव वाले स्थानों पर वर्षाजल संग्रहण के लिए वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम
- NCAP और NCR के अंतर्गत आने वाले शहरों में प्रदूषण नियंत्रण के लिए स्मॉग टॉवर और एंटी-स्मॉग गन
- युवाओं के लिए जरूरत के अनुसार रोजगार मेलों का आयोजन
- क्षेत्रों में आवश्यकता के आधार पर ई-लाइब्रेरी की व्यवस्था
- युवाओं को नगर प्रशासन से जोड़ने के लिए इंटर्नशिप व्यवस्था
- प्राथमिक और सामुदायिक चिकित्सा केंद्रों को आधुनिक हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के रूप में करेंगे विकसित
- मेडिकल कॉलेजों में सुपर स्पेशलिटी यूनिट स्थापित करने की दिशा में कार्य
- सभी नगर निगम और नगर परिषद मुख्यालयों पर इनडोर स्टेडियम
- सड़क खोदे बिना ट्रेंचलेस तकनीक से सीवर लाइन और सड़क की मरम्मत/बदलाव
- पार्क, तालाब, धार्मिक स्थल, पर्यटन स्थल और मोक्षधाम का विकास
- धार्मिक, सांस्कृतिक और विरासत से जुड़े स्थलों के संरक्षण के लिए विकास कार्य
- प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी को प्रत्येक निकाय में लागू किया जाएगा
- डिस्टर्ब एरिया एक्ट को चुनिंदा शहरों में आवश्यकता अनुसार लागू करने की कार्रवाई
- AI के जरिए ट्रैफिक मैनेजमेंट और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा
चित्तौड़गढ़ में पटेल ने दिया जीत का मंत्र: भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री गजेंद्र पटेल ने बुधवार को चित्तौड़गढ़ में संगठन पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक ली और वार्डों में जीत का मंत्र दिया. मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि बैठक में सभी को कहा कि कोई भी प्रत्याशी खुद को जीता हुआ न समझे. चुनाव को चुनौती मान कर खुद को हारा हुआ मानते हुए वार्ड में कड़ी मेहनत करें. आमजन के बीच जाएं, उनकी समस्याएं सुनें और समाधान का प्रयास करें. उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर पहुंचाना कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है. इस अवसर पर नगर परिषद चुनाव प्रभारी एवं पूर्व विधायक धर्मनारायण जोशी, संभाग प्रभारी नाहरसिंह जोधा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे.


