AI समिट में कांग्रेस के प्रदर्शन का BJYM ने किया विरोध, रायपुर कांग्रेस भवन का घेराव, पुलिस ने रोका
दिल्ली से लेकर रायपुर तक AI समिट को लेकर राजनीतिक घमासान, कांग्रेस के प्रदर्शन का भारतीय जनता युवा मोर्चा देशभर में विरोध कर रही है.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : February 21, 2026 at 8:15 PM IST
रायपुर: दिल्ली में आयोजित AI समिट में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन का देशभर में बीजेपी विरोध कर रही है. राजधानी रायपुर में शनिवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा के हजारों कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस भवन का घेराव किया. हालांकि पुलिस ने उन्हें बीच रास्ते में ही टीन शेड लगाकर रोक दिया.
क्यों शुरू हुआ विवाद?
दिल्ली में आयोजित AI समिट के दौरान यूथ कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ताओं ने टी-शर्ट उतारकर प्रदर्शन किया. इस प्रदर्शन को लेकर विवाद खड़ा हो गया. भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने इसे गलत और अमर्यादित बताया. उनका कहना है कि इस तरह का प्रदर्शन देश की छवि को नुकसान पहुंचाता है, खासकर जब कार्यक्रम में देश-विदेश के लोग शामिल हों.

रायपुर में कांग्रेस भवन घेराव की कोशिश
राजधानी रायपुर में BJYM ने प्रदर्शन किया. कार्यकर्ता कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी कर राजीव भवन घेराव करने निकले. इससे पहले शुक्रवार को भी भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी का पुतला जलाया था. BJYM अध्यक्ष राहुल टिकरिहा ने कहा कि कांग्रेस लगातार मां भारती का विरोध कर रही है. मां भारती के बढ़ते ताकत का विरोध कर रही है.
कांग्रेस लगातार देश और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों का विरोध कर रही है. AI जैसे महत्वपूर्ण विषय पर इस तरह का प्रदर्शन करना गलत है. भारत विश्व का सबसे युवा देश है और यहां के युवा AI में अपना भविष्य देख रहे हैं.- राहुल टिकरिहा, भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष

AI और युवाओं का भविष्य
भाजयुमो का कहना है कि AI समिट युवाओं के भविष्य से जुड़ा एक अहम विषय था, जिसमें दुनिया भर के लोग शामिल हुए थे. ऐसे कार्यक्रम में विवादित प्रदर्शन करना उचित नहीं है. कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की पिटाई भी उन लोगों ने की जिनका राजनीति से कोई लेना-देना नहीं है, जो अपना एआई में अपना भविष्य देख रहे हैं. जाहिर सी बात है कि आज देश का युवा जागरुक है.


