भाजपा युवा मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश मंत्री आर्यन देव उनियाल का मसूरी में भव्य स्वागत, जताया आभार
आगामी विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने कमर कस ली है. साथ ही पार्टी युवाओं को संगठन में जिम्मेदारी दे रही है.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : January 9, 2026 at 9:23 AM IST
मसूरी: भाजपा युवा मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश मंत्री आर्यन देव उनियाल के मसूरी पहुंचने पर भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं और मसूरीवासियों ने भव्य स्वागत किया. कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने फूल-मालाएं पहनाकर आर्यन देव उनियाल को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी. मसूरी के राधा-कृष्ण मंदिर सभागार में आयोजित स्वागत समारोह में बड़ी संख्या में भाजपा युवा मोर्चा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और नगरवासी मौजूद रहे. कार्यक्रम के दौरान फूल-मालाओं से स्वागत के साथ-साथ पिक्चर पैलेस चौक पर जमकर आतिशबाजी भी की गई, जिससे पूरा क्षेत्र भाजपा समर्थकों के उत्साह से गूंज उठा.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आर्यन देव उनियाल ने मसूरी की जनता और युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि शीर्ष नेतृत्व ने मसूरी जैसे छोटे शहर के एक साधारण कार्यकर्ता को प्रदेश स्तर की बड़ी जिम्मेदारी सौंपकर यह साबित कर दिया है कि भाजपा में मेहनत और निष्ठा का सम्मान किया जाता है. उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं है. पार्टी लगातार युवाओं को आगे लाने का काम कर रही है और आज संगठन से लेकर सरकार तक युवाओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में युवाओं का उत्साहवर्धन हो रहा है और उन्हें हर क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है. आर्यन देव उनियाल ने कहा कि उनकी प्राथमिक भूमिका आगामी चुनावों को लेकर युवाओं को तैयार करना होगी. आज का दौर सोशल मीडिया का है और भाजपा पहले से ही इस क्षेत्र में काफी मजबूत है. युवाओं की ऊर्जा और तकनीक का सही उपयोग कर सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा और देश के विकास से युवाओं को जोड़ा जाएगा.

उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि आज विपक्ष के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है. वह केवल भ्रामक और गलत मुद्दों के सहारे जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहा है, लेकिन जनता सब समझती है और ऐसे प्रयास सफल नहीं होंगे. उन्होंने कहा कि सत्य को परेशान जरूर किया जा सकता है, लेकिन उसे पराजित नहीं किया जा सकता. अंकिता भंडारी मामले को लेकर बोलते हुए आर्यन देव उनियाल ने कहा कि सरकार और संगठन पूरी संवेदनशीलता के साथ न्याय दिलाने के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं.
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं इस मामले को लेकर गंभीर हैं और उन्होंने अंकित भंडारी के माता-पिता से मिलकर उन्हें आश्वस्त किया है कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा. उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष इस संवेदनशील मामले पर भी राजनीति कर रहा है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक है. उन्होंने कहा कि भाजपा युवा मोर्चा केवल सोशल मीडिया तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जमीनी स्तर पर भी सक्रिय रूप से काम करेगा.
पढ़ें-उत्तराखंड BJP ने सातों मोर्चों की टीम घोषित की, जानें किन नेताओं को मिला कौन सा पद

