ETV Bharat / state

पश्चिम बंगाल-असम के चुनावी नतीजों से उत्तराखंड में जश्न, सीएम धामी बोले- जनता ने नकारा तुष्टिकरण

पश्चिम बंगाल और असम में बीजेपी के पक्ष में रुझान आने के बाद उत्तराखंड में जश्न का माहौल, उत्तराखंड में 3 दिनों तक मनेगा जश्न

West Bengal Assembly Election
रामनगर में जश्न मनाते बीजेपी कार्यकर्ता (फोटो- ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : May 4, 2026 at 2:53 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

रामनगर: आज तमिलनाडु, केरल, पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में विधानसभा चुनावों के लिए मतों की गिनती जारी है. पश्चिम बंगाल और असम में बीजेपी के पक्ष में रुझान आने के बाद उत्तराखंड में जश्न का माहौल है. रामनगर में भी बीजेपी विधायक दिवान सिंह बिष्ट के नेतृत्व में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ खुशी जाहिर की और आतिशबाजी कर जीत का उत्सव मनाया. वहीं, सीएम धामी और हरीश रावत ने अपनी-अपनी प्रतिक्रिया दी है.

उत्तराखंड में 3 दिनों तक मनेगा जश्न: पश्चिम बंगाल में प्रचंड जीत के बाद उत्तराखंड बीजेपी में भी जश्न का माहौल है. ढोल नगाड़ों के साथ सैकड़ों कार्यकर्ता बीजेपी प्रदेश मुख्यालय पहुंचे. बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट से लेकर खुद सीएम धामी भी मुख्यालय पहुंचे. जहां गंगोत्री से गंगा सागर तक भगवामय के बीजेपी नारे लगा रही है. झालमुड़ी और रसगुल्ले से बीजेपी कार्यालय पर मुख्यमंत्री धामी का स्वागत किया गया. वहीं, सीएम धामी और बीजेपी अध्यक्ष ने घोषणा कि है कि बंगाल चुनाव का पूरे प्रदेश में अगले 3 दिनों तक जश्न मनाया जाएगा.

पश्चिम बंगाल-असम के चुनावी नतीजों से रामनगर में जश्न (वीडियो- ETV Bharat)

रामनगर में भाजपाइयों में जश्न का माहौल: बता दें कि आज तमिलनाडु, केरल, पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव की वोटिंग के बाद वोटों की गिनती चल रही है. पश्चिम बंगाल और असम में बीजेपी के पक्ष में आ रहे नतीजों ने बीजेपी कार्यकर्ताओं में उत्साह भर दिया है. रामनगर में विधायक दिवान सिंह बिष्ट के नेतृत्व में बीजेपी कार्यकर्ता एकत्र हुए और ढोल-नगाड़ों के साथ खुशी का इजहार किया. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाई और जमकर आतिशबाजी भी की.

"बीजेपी लगातार विभिन्न राज्यों में अपनी मजबूत पकड़ बना रही है. यह सब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और उनकी नीतियों का परिणाम है. देश आज विकास की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है और जनता का भरोसा बीजेपी पर लगातार बढ़ता जा रहा है."- दिवान सिंह बिष्ट, बीजेपी विधायक, रामनगर

कल्याणकारी नीतियों और योजनाओं के चलते बीजेपी को मिल रहा समर्थन: वहीं, पूर्व नगर अध्यक्ष मदन जोशी ने भी इस मौके पर कहा कि बीजेपी की नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं के कारण पार्टी को देशभर में समर्थन मिल रहा है. आने वाले समय में बीजेपी और ज्यादा मजबूती के साथ आगे बढ़ेगी.

West Bengal Assembly Election
भाजपाइयों ने मनाया जश्न (फोटो- ETV Bharat)

ढोल-नगाड़ों की थाप पर नाचते दिखे बीजेपी कार्यकर्ता: इस दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला. ढोल-नगाड़ों की धुन पर कार्यकर्ता नाचते-झूमते नजर आए और पूरे क्षेत्र में जश्न का माहौल बना रहा. फिलहाल, बीजेपी कार्यकर्ताओं में जश्न का मौहाल. साथ ही इस चुनावी रुझानों ने पार्टी समर्थकों में नई ऊर्जा भर दी है.

असम और पश्चिम बंगाल चुनाव पर सीएम धामी ने जताई खुशी: वहीं, इन चुनावों नतीजों पर सीएम पुष्कर धामी ने अपनी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि 'असम की जनता ने फिर एक बार तुष्टिकरण और अस्थिरता को नकारते हुए विकास, सुरक्षा, सांस्कृतिक अस्मिता और राष्ट्रहित को अपना स्पष्ट जनादेश दिया है.' इसके अलावा बंगाल चुनाव पर भी बीजेपी की जीत पर खुशी जताई.

सीएम धामी ने बंगाल चुनाव परिणाम पर कहा कि 'बंगाल के हमारे भाई-बहनों ने भय, तुष्टिकरण और अव्यवस्था को तिलांजलि देते हुए विकास, सुशासन और राष्ट्रहित के पक्ष में अपना स्पष्ट जनादेश दिया है. यह विजय प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बीजेपी की जनकल्याणकारी नीतियों, सुशासन, सुरक्षा की गारंटी और अंत्योदय के संकल्प पर जनता के अटूट विश्वास का प्रमाण है, जो आज पूरे राष्ट्र में विकास की गंगा को अविरल रूप से प्रवाहित कर रहा है.'

हरीश रावत ने दी अपनी प्रतिक्रिया: उधर, कांग्रेस नेता हरीश रावत ने भी इन चुनाव परिणामों पर अपनी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि 'आज के चुनाव परिणामों के बाद मुझे अत्यधिक गंभीरता के साथ यह अनुभूति हुई कि राजनीति में सतत तर्कपूर्ण संवाद अति आवश्यक है. मैंने बहुत सोच-विचार कर यह निर्णय लिया है कि मैं 15 मई 2026 से राज्य भर में घूम-घूम कर संवाद करूंगा.'

ये भी पढ़ें-