नेताजी के सामने भिड़ गए आपस में बीजेपी कार्यकर्ता, सूरजपुर में कृषि विश्वविद्यालय का चल रहा था भूमि पूजन कार्यक्रम
विवाद मंच पर बैठने को लेकर शुरू हुआ जो बहस के बाद धक्का-मुक्की तक पहुंच गया.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : March 2, 2026 at 8:43 PM IST
सूरजपुर: सरगुजा संभाग के प्रतापपुर ब्लॉक के धोन्धा गांव में प्रस्तावित कृषि महाविद्यालय के भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान राजनीतिक माहौल उस वक्त गरमा गया, जब कार्यक्रम के दौरान भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता आपस में ही उलझ गए. कार्यकर्ताओं के उलझते ही मौके पर थोड़ी देर के लिए अफरा तफरी का मौहाल बन गया. कार्यक्रम में शामिल होने आए लोग चुटकी लेते भी नजर आए. बीजेपी कार्यकर्ताओं के आपसी विवाद की वजह से कृषि महाविद्यालय का भूमिपूजन कार्यक्रम थोड़ा फीका जरुर पड़ गया.
भूमिपूजन कार्यक्रम में भिड़े आपस में बीजेपी कार्यकर्ता
दरअसल, भूमि पूजन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के कृषि मंत्री रामविचार नेताम और प्रतापपुर विधायक शाकुन्तल पोर्ते को बुलाया गया था. दोनों नेताओं की मौजूदगी में कार्यक्रम चल रहा था. तभी मंच पर बैठने को लेकर भाजपा के प्रदेश पदाधिकारी और मंडल अध्यक्ष के बीच तीखी नोक-झोंक शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों के बीच हाथापाई तक की नौबत आ गई. मंच पर मौजूद अन्य लोगों और नेताओं ने बीच बचाव की कोशिश की. लेकिन दोनों पक्ष के समर्थक आपस में उलझते ही नजर आए. बाद में विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्ष ने एक दूसरे को मौके पर धक्का देने की कोशिश की. धक्का-मुक्की की घटना से मौके पर असहज स्थिति नेताओं के बीच बन गई.
मंच पर बैठने को लेकर बढ़ा विवाद, वरिष्ठ नेताओं को करना पड़ा हस्तक्षेप
कहा जा रहा है कि मंच पर स्थान और प्रोटोकॉल को लेकर असंतोष पहले से ही था, जो कार्यक्रम के दौरान खुलकर सामने आ गया. हालांकि बाद में वरिष्ठ नेताओं के हस्तक्षेप से स्थिति को नियंत्रित किया गया और भूमिपूजन की औपचारिकता पूरी की गई. कृषि महाविद्यालय की स्थापना को क्षेत्र के किसानों और विद्यार्थियों के लिए बड़ी सौगात माना जा रहा है, लेकिन कार्यक्रम में हुए इस विवाद ने राजनीतिक हलकों में नई चर्चा छेड़ दी है. अब देखना होगा कि पार्टी संगठन इस मामले में क्या रुख अपनाता है और आंतरिक अनुशासन को लेकर क्या कदम उठाए जाते हैं.
होली पर टैंक और मशीनगन वाली पिचकारी की भारी डिमांड, रंग और गुलाल से सजा कोरबा का बाजार
होली पर कैसा रहेगा आपके शहर का तापमान, जानिए रंगपंचमी पर पिछले 5 साल का टेंप्रेचर रिकार्ड

