CM योगी की मां पर टिप्पणी को लेकर BJP का विरोध प्रदर्शन; मौलाना अब्दुल सलीम का फूंका पुतला
शिकायत में कहा गया, इस प्रकार की अमर्यादित भाषा से भाजपा कार्यकर्ताओं और हिंदू समाज में आक्रोश का माहौल.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : March 9, 2026 at 4:06 PM IST
बलरामपुर: बिहार में आयोजित धार्मिक सभा में मौलाना अब्दुल सलीम द्वारा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां पर की गई अभद्र टिप्पणी से यूपी में उबाल आ गया है. प्रदेश भर में हिंदूवादी संगठनों में इसको लेकर आक्रोश देखा जा रहा है. सोमवार को बलरामपुर के कोतवाली नगर थाना पुलिस ने भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष रवि कुमार मिश्रा की तहरीर पर मौलाना अब्दुल सलीम के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. साथ ही मामले में आगे की कार्रवाई में जुट गई है. इसके बाद बीजेपी कार्यकर्ता वीर विनय चौराहे पहुंचे, जहां नारेबाजी करते हुए मौलाना के खिलाफ प्रदर्शन किया. साथ ही मौलाना का पुतला फूंका.
आंदोलन और तेज किया जाएगा: इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि मौलाना की ये टिप्पणी अत्यंत निंदनीय और अस्वीकार्य है. ऐसी अमर्यादित भाषा का समाज में कोई स्थान नहीं है. इस तरह के बयान देने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए. साथ ही चेतावनी देते हुए कहा कि, यदि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा.
सदर विधायक पलटू राम ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ न केवल प्रदेश के मुखिया हैं, बल्कि गोरक्षपीठ के पीठाधीश्वर भी हैं. उनकी माता के खिलाफ की गई टिप्पणी पूरे समाज और प्रदेश की भावनाओं को आहत करने वाली है.
आक्रोश का माहौल: भाजपा जिलाध्यक्ष रवि कुमार मिश्रा ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया, इस प्रकार की अमर्यादित भाषा और बयान से भाजपा कार्यकर्ताओं और हिंदू समाज में आक्रोश का माहौल पैदा हो गया है. इसे सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करने वाला कृत्य बताते हुए पुलिस से कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है.
प्रकरण की जांच की जा रही है: एसपी विकास कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है. जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
ये रहे उपस्थित: इस दौरान तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ल,गैसड़ी के निवर्तमान विधायक शैलेष कुमार सिंह शैलू,पूर्व अध्यक्ष चन्द्र प्रकाश सिंह गुड्डू,ब्लाक प्रमुख महिपाल चौधरी डीपी सिंह बैस,वरुण सिंह मोनू, डॉ. अजय सिंह पिंकू,अवधेश तिवारी तरुण,संदीप वर्मा, अवधेश पाण्डेय,प्रभात सिंह शैलेंद्र सिंह संदीप उपाध्याय, राकेश गुप्ता राकेश कश्यप अमन बंसल रजनीश पांडे आदित्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
यह भी पढ़ें: सीएम योगी की मां पर टिप्पणी को लेकर भड़का यूपी में गुस्सा; प्रदेश भर में प्रदर्शन
यह भी पढ़ें: सीएम योगी की मां की तबीयत बिगड़ी; जनता दर्शन खत्म कर गोरखपुर से देहरादून के लिए रवाना

