कांग्रेस के गढ़ में भाजपा की बड़ी सेंध, सिर्फ 1 वोट से पलटी बाजी, अध्यक्ष-उपाध्यक्ष दोनों पदों पर कब्जा
उपाध्यक्ष पद का मुकाबला काफी दिलचस्प रहा. भाजपा ने ये पद मात्र एक वोट से जीता.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : July 7, 2026 at 5:00 PM IST
रामपुर: कांग्रेस के मजबूत गढ़ माने जाने वाले शिमला जिले के रामपुर में भारतीय जनता पार्टी ने बड़ा राजनीतिक उलटफेर कर दिया है. नगर परिषद रामपुर के बाद अब ननखड़ी पंचायत समिति पर भी भाजपा ने कब्जा जमा लिया है. पंचायत समिति के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों पदों पर भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने जीत दर्ज कर कांग्रेस को बड़ा झटका दिया है. खास बात यह रही कि उपाध्यक्ष पद का मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, जहां भाजपा उम्मीदवार ने सिर्फ एक वोट के अंतर से जीत हासिल की. इस जीत के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है.
अध्यक्ष पद पर भाजपा की स्पष्ट बढ़त
सोमवार को ननखड़ी पंचायत समिति के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए मतदान कराया गया. अध्यक्ष पद के चुनाव में कुल 15 सदस्यों ने मतदान किया. भाजपा समर्थित कांता खूंद को 9 वोट मिले, जबकि कांग्रेस समर्थित सुशीला को 6 मत प्राप्त हुए. इस तरह कांता खूंद ने तीन वोटों के अंतर से जीत दर्ज करते हुए अध्यक्ष पद अपने नाम कर लिया.
एक वोट ने तय किया उपाध्यक्ष का फैसला
उपाध्यक्ष पद का मुकाबला काफी दिलचस्प रहा. भाजपा समर्थित अमर सिंह काल्टा और कांग्रेस समर्थित रामलाल के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली. मतदान के बाद अमर सिंह काल्टा को 8 वोट मिले, जबकि रामलाल को 7 मत प्राप्त हुए. महज एक वोट के अंतर से भाजपा ने उपाध्यक्ष पद भी जीत लिया और पंचायत समिति की पूरी कमान अपने हाथ में ले ली.
कांग्रेस के गढ़ में बदले सियासी समीकरण
रामपुर क्षेत्र लंबे समय से कांग्रेस का मजबूत गढ़ माना जाता रहा है, लेकिन हाल के स्थानीय निकाय और पंचायत चुनावों में भाजपा लगातार अपनी पकड़ मजबूत करती नजर आ रही है. पहले नगर परिषद रामपुर में सफलता मिलने के बाद अब ननखड़ी पंचायत समिति पर भी भाजपा का कब्जा स्थानीय राजनीति में बड़े बदलाव का संकेत माना जा रहा है. राजनीतिक जानकार इसे क्षेत्र में बदलते जनसमर्थन और भाजपा की मजबूत संगठनात्मक रणनीति से जोड़कर देख रहे हैं.
भाजपा खेमे में जश्न, विकास का किया वादा
हालिया पंचायत समिति चुनाव में 15 सदस्यीय समिति में भाजपा समर्थित 9 और कांग्रेस समर्थित 6 सदस्य निर्वाचित हुए थे. इसी बहुमत के आधार पर भाजपा ने अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों पद अपने नाम कर लिए. परिणाम घोषित होते ही भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमकर जश्न मनाया और नवनिर्वाचित अध्यक्ष कांता खूंद तथा उपाध्यक्ष अमर सिंह काल्टा का स्वागत किया. भाजपा नेताओं ने इसे जनता के विश्वास और संगठन की मेहनत का परिणाम बताते हुए कहा कि नया नेतृत्व क्षेत्र में विकास कार्यों को प्राथमिकता देगा और पंचायत समिति के माध्यम से जनहित के कार्यों को गति दी जाएगी.
ये भी पढ़ें: हे रघुनंदन, हम शर्मिंदा हैं, आपके नाम पर सत्ता भोगने वाले आज भी जिंदा हैं - विक्रमादित्य सिंह
ये भी पढ़ें: CM सुक्खू के क्षेत्र में भाजपा की बड़ी जीत, अध्यक्ष-उपाध्यक्ष दोनों पदों पर कब्जा, निर्दलीयों ने भी दिया समर्थन

