पंचायत चुनाव की तैयारी: VB-G RAM G को बड़ा हथियार बनाएगी भाजपा, जनजागरण अभियान शुरू
'VB-G RAM G' जन जागरण अभियान के संयोजक प्रभुलाल सैनी ने कहा कि कांग्रेस जानबूझकर इस मुद्दे को भटकाने की कोशिश कर रही है.

Published : January 9, 2026 at 7:18 PM IST
जयपुर : VB-G RAM G योजना को लेकर देशभर की राजनीति गर्म है. एक ओर कांग्रेस मनरेगा के नाम में बदलाव को लेकर आंदोलन की तैयारी कर रही है, वहीं राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी ने इसे आगामी पंचायत चुनावों में एक बड़े मुद्दे के रूप में उछालने की रणनीति तैयार कर ली है. भाजपा प्रदेश भर में 'VB-G RAM G' जन जागरण अभियान शुरू करने जा रही है. इस अभियान के जरिए गांव-गांव तक जाकर कांग्रेस पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाते हुए जनता के बीच योजना के वास्तविक तथ्यों को रखा जाएगा.
रोजगार और आत्मनिर्भर गांव की सोच का प्रतीक: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि 'VB-G RAM G' केवल एक नाम नहीं, बल्कि ग्रामीण विकास, रोजगार और आत्मनिर्भर गांव की सोच का प्रतीक है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस बिना तथ्यों के जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है. भाजपा का यह जन जागरण अभियान इसी भ्रम को तोड़ने और सही जानकारी आमजन तक पहुंचाने के लिए शुरू किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव लोकतंत्र की जड़ होते हैं और गांव की जनता जागरूक होकर सही निर्णय ले, यही इस अभियान का उद्देश्य है. राठौड़ का कहना था कि पंचायत चुनाव में स्थानीय मुद्दे सबसे अहम होते हैं. 'VB-G RAM G जन जागरण अभियान' के जरिए पार्टी न सिर्फ कांग्रेस के आरोपों का जवाब देगी, बल्कि अपनी विकासोन्मुखी सोच को भी जनता के सामने रखेगी. पार्टी संगठन को इस अभियान के लिए विशेष दिशा-निर्देश दिए गए हैं, ताकि हर कार्यकर्ता एकजुट होकर एक ही संदेश गांव-गांव तक पहुंचा सके.
इस तरह चलेगा अभियान: जागरण अभियान समिति का गठन' उन्होंने बताया कि इस अभियान के लिए 'VB-G RAM G जागरण अभियान प्रदेश समिति' गठित की गई है. जिलों में 'वन प्लस 3' की जिला स्तरीय समितियां गठित कर दी गई हैं. जिलों के पदाधिकारी अब नीचे मंडल स्तर तक समितियों का गठन करेंगे. अभियान के तहत सबसे पहले प्रदेश स्तरीय कार्यशाला होगी. प्रदेश कार्यशाला के बाद अलग-अलग दायित्व वाले नेता संभाग स्तर पर जाएंगे, वहां संपर्क अभियान के साथ-साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे. इसके बाद नेता जिलों तक जाएंगे और फिर मंडल स्तर पर जाकर प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे. गांव, ढाणी, मोहल्ला और चौपाल पर पहुंचकर लोगों से सीधा संपर्क साधा जाएगा. पार्टी नेता अपने कार्यकर्ताओं के साथ ही आम जनता को बताएंगे कि कांग्रेस पार्टी भ्रम फैलाने का काम कर रही है.
यह भी पढ़ें: 11 से 13 जनवरी तक मंत्री जाएंगे जनता के बीच, सुनेंगे दर्द और बजट सुझाव
घर घर जाएंगे कार्यकर्ता: 'VB-G RAM G' जन जागरण अभियान के संयोजक प्रभुलाल सैनी ने बताया कि ग्रामीणों को बताया जाएगा कि 'VB-G RAM G' आम मजदूर, किसान, गांव और ग्रामीणों के लिए फायदेमंद है. नए कानून से इसे और मजबूती मिलेगी. योजना के तहत पहले की तुलना में मानव दिवस बढ़ाए गए हैं. पहले नरेगा में निर्धारित मापदंड नहीं थे, अब कार्य का आधार मापदंड तय किए गए हैं. 'VB-G RAM G' को जल संरक्षण, आपदा, इन्फ्रास्ट्रक्चर सहित चार सेक्टरों में बांटा गया है, जिससे सरकार की अन्य योजनाओं के साथ इसे जोड़कर काम किए जा सकेंगे और योजनाओं का समन्वय हो सकेगा. सैनी ने बताया कि यह जन जागरण अभियान मंडल स्तर से शुरू होकर जिला और फिर प्रदेश स्तर तक चलेगा. हर स्तर पर अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. इनमें चौपाल, ग्राम सभाएं, जन संवाद, कार्यकर्ता सम्मेलन और मीडिया संवाद शामिल होंगे. अभियान के तहत भाजपा कार्यकर्ता घर-घर जाकर VB-G RAM G से जुड़े तथ्यों, इसके उद्देश्यों और ग्रामीण विकास में इसकी भूमिका को सरल भाषा में समझाएंगे.
कांग्रेस भटकाने की कर रही कोशिश: सैनी ने कहा कि कांग्रेस जानबूझकर इस मुद्दे को भटकाने की कोशिश कर रही है, जबकि सच्चाई यह है कि 'VB-G RAM G' का सीधा लाभ ग्रामीण मजदूरों, किसानों और पंचायत स्तर पर विकास कार्यों से जुड़ा है. सैनी का दावा है कि इस अभियान से ग्रामीण क्षेत्रों में सकारात्मक माहौल बनेगा और पंचायत चुनाव में पार्टी को इसका सीधा लाभ मिलेगा. जब जनता को सही जानकारी मिलेगी, तो वह भ्रम और अफवाहों से ऊपर उठकर विकास के पक्ष में मतदान करेगी. इसी भरोसे के साथ भाजपा 'VB-G RAM G' जन जागरण अभियान" को पंचायत चुनाव में अपनी नैया पार लगाने का मजबूत आधार मान रही है.

