ETV Bharat / state

नगर निकाय चुनाव की तिथि घोषित करने और ईवीएम से चुनाव की मांग, 7 जनवरी को महाधरना देगी भाजपा

झारखंड में नगर निकाय चुनाव की तिथि घोषित करने की मांग पर भाजपा प्रदर्शन करेगी.

BJP will protest demanding announcement of dates for municipal elections in Jharkhand
भाजपा की बैठक में शामिल नेता और कार्यकर्ता (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : January 2, 2026 at 7:36 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

रांचीः भारतीय जनता पार्टी ने बैलेट पेपर के बजाय ईवीएम से नगर निकाय चुनाव कराने की मांग को लेकर आगामी सात जनवरी को महाधरना के जरिए सरकार पर दवाब बनाने का निर्णय लिया है.

आज 2 जनवरी को भारतीय जनता पार्टी, रांची महानगर जिला की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक एवं रणनीतिक बैठक महानगर अध्यक्ष वरुण साहू की अध्यक्षता में हुई. जिसमें झारखंड सरकार द्वारा नगर निकाय चुनाव जानबूझकर लंबित रखे जाने पर चिंता व्यक्त की गई. साथ ही सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि झारखंड सरकार से अविलंब नगर निकाय चुनाव की तिथि घोषित करने एवं ईवीएम से निष्पक्ष चुनाव कराने की मांग को लेकर आगामी 7 जनवरी को नगर निगम कार्यालय के समक्ष महाधरना दिया जाएगा. इस बैठक में इस आंदोलन को सफल बनाने हेतु विस्तृत रणनीति तैयार की गई.

झारखंड सरकार लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर कर रही है- दीपक प्रकाश

पार्टी के राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य एवं झारखंड, भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा कि झारखंड सरकार लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने के उद्देश्य से नगर निकाय चुनाव नहीं करा रही है. उन्होंने कहा कि सरकार को अविलंब चुनाव की तिथि घोषित करनी चाहिए और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए ईवीएम से चुनाव कराना चाहिए.

BJP will protest demanding announcement of dates for municipal elections in Jharkhand
भाजपा की बैठक में शामिल नेता और कार्यकर्ता (ETV Bharat)

उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतंत्र की रक्षा के लिए सड़कों पर उतरने से पीछे नहीं हटेगी और 7 जनवरी को हजारों कार्यकर्ता नगर निगम कार्यालय के समक्ष धरना देंगे. भारतीय जनता पार्टी लोकतंत्र की प्रहरी है. जब-जब जनता के अधिकारों पर कुठाराघात होगा, तब-तब भाजपा सड़कों पर उतरकर संघर्ष करेगी.

7 जनवरी को होने वाला महाधरना केवल एक प्रदर्शन नहीं, बल्कि लोकतंत्र को बचाने का जनआंदोलन होगा. जिसमें पार्टी के हजारों समर्पित कार्यकर्ता पूरी मजबूती और अनुशासन के साथ भाग लेंगे. महानगर अध्यक्ष वरुण साहू ने कहा कि नगर निगम चुनावों को टालना सीधे-सीधे लोकतंत्र का अपमान है. झारखंड सरकार जनता के अधिकारों से डर रही है, इसलिए चुनाव कराने से भाग रही है.

भाजपा रांची महानगर जिला यह स्पष्ट कर देना चाहता है कि जब तक नगर निकाय चुनाव की तिथि घोषित नहीं होती और ईवीएम से चुनाव की घोषणा नहीं की जाती, तब तक हमारा आंदोलन और तेज होगा. 7 जनवरी का महाधरना लोकतंत्र की आवाज बनेगा, जिसमें पार्टी का हर कार्यकर्ता पूरी मजबूती से शामिल होगा. उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अनुशासित एवं शांतिपूर्ण ढंग से आंदोलन को सफल बनाने का आह्वान किया.

इस बैठक में प्रमुख रूप से पूर्व महापौर संजीव विजयवर्गीय, पूर्व जिला अध्यक्ष मनोज मिश्रा, के.के. गुप्ता, बलराम सिंह, जितेंद्र वर्मा, राकेश भास्कर, अरुण झा, कमाल खान, लक्ष्मी चंद्र दीक्षित, संजय जयसवाल,रमेश सिंह, संजय टोप्पो, रोशनी खलखो सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे.

इसे भी पढ़ें- निकाय चुनाव को लेकर भाजपा का हल्ला बोल, 5 से 7 जनवरी तक प्रदेशभर में धरना प्रदर्शन

इसे भी पढ़ें- नगर निकाय चुनाव में राजनीतिक दलों ने झोंकी ताकत, बीजेपी ने की ईवीएम से चुनाव कराने की मांग

इसे भी पढ़ें- बीजेपी कोर कमेटी की बैठक, नगर निकाय चुनाव दलीय आधार पर कराने की मांग