ETV Bharat / state

राहुल गांधी पर अनुराग ठाकुर का कड़ा वार, पालन-पोषण और संस्कारों पर उठाए सवाल

अनुराग ठाकुर ने तिरंगा यात्रा के दौरान राहुल गांधी पर साधा निशाना, कहा- अशोभनिय टिप्पणी और संवैधानिक पदों का अपमान करना राहुल गांधी की आदत.

BJP Tiranga Yatra in Hamirpur
भाजपा की तिरंगा यात्रा (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : August 14, 2026 at 2:45 PM IST

|

Updated : August 14, 2026 at 5:03 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

हमीरपुर: भाजपा ने आज हमीरपुर में तिरंगा यात्रा निकाली. इसमें भाजपा युवा मोर्चा, पार्टी कार्यकर्ताओं और स्कूली छात्रों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. इस दौरान हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद अनुराग ठाकुर, बड़सर के विधायक इंद्रदत्त लखनपाल, हमीरपुर सदर के विधायक आशीष शर्मा, सुजानपुर के पूर्व विधायक राजेंद्र राणा सहित भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे. तिरंगा यात्रा के दौरान सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी से अब मर्यादित भाषा की उम्मीद नहीं की जा सकती.

अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी पर साधा निशाना (ETV Bharat)

"राहुल गांधी ने पहले अपने देश की राष्ट्रपति का अपमान किया और अब विदेशी राष्ट्र प्रमुखों का भी अपमान किया है. लोकतंत्र में राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन संवैधानिक पदों और राष्ट्र प्रमुखों के सम्मान की मर्यादा कायम रहनी चाहिए. सार्वजनिक जीवन में नेताओं से संयमित और जिम्मेदार भाषा की अपेक्षा की जाती है." - अनुराग ठाकुर, भाजपा सांसद

अनुराग ठाकुर ने कहा कि राहुल गांधी मुंगेरीलाल के हसीन सपने ले रहे हैं. जिन्हें जनता ने तीन-तीन बार नकारा, अब वो गाली-गलौच और ओछी राजनीति पर उतर आए हैं. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की भाषा अमर्यादा और अहंकार से भरी हुई नजर आती है. राजनीति में मतभेद लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन अशोभनीय टिप्पणी और संवैधानिक पदों का अपमान करना राहुल गांधी की आदत बन गई है. राहुल गांधी की भाषा से अब उनके पालन-पोषण और संस्कारों पर प्रश्नचिह्न लगने लगे हैं और कांग्रेस की मानसिकता उजागर हो रही है. भारत की गौरवशाली परंपराओं का अपमान राहुल गांधी और कांग्रेस के नेता बार-बार कर रहे हैं. अनुराग ठाकुर ने कहा कि विदेशी महिला राष्ट्रीय अध्यक्ष पर अभद्र और अर्मयादित टिप्पणी करना राहुल गांधी और कांग्रेस की मानसिकता, इनके चरित्र, इनके संस्कारों और पालन पोषण को दर्शाता है. पेपर लीक प्रोटेस्ट के समय कांग्रेस द्वारा देश के प्रधानमंत्री और गृहमंत्री के खिलाफ ओछी टिप्पणियां की गई, ये राहुल गांधी की हताशा और निराशा को दिखाता है. सत्ता से बाहर राहुल गांधी और कांग्रेस बिन पानी की मछली की भांति तड़प रहे हैं.

BJP Tiranga Yatra in Hamirpur
हमीरपुर में भाजपा ने निकाली तिरंगा यात्रा (ETV Bharat)

FCRA से होगी विदेशी फंड पर निगरानी

वहीं एफसीआरए को लेकर सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि आने वाले समय में इसका देशवासियों को लाभ मिलेगा. उन्होंने कहा कि एफसीआरए के जरिए विदेशी फंड पर निगरानी रखी जा सकेगी. विदेशी फंड के स्रोत और उसके इस्तेमाल की निगरानी को उन्होंने देशहित में जरूरी बताया. अनुराग ठाकुर ने कहा कि विदेशी फंडिंग से जुड़ी व्यवस्था में पारदर्शिता और प्रभावी निगरानी जरूरी है. एफसीआरए के जरिए विदेशी फंड के इस्तेमाल पर नजर रखने में मदद मिलेगी और इससे आने वाले समय में देशहित में बेहतर निगरानी सुनिश्चित की जा सकेगी.

कांग्रेस के आरोपों पर अनुराग का पलटवार

हमीरपुर में भाजपा की ओर से निकाली गई तिरंगा यात्रा को लेकर कांग्रेस द्वारा उठाए जा रहे सवालों पर भी अनुराग ठाकुर ने पलटवार किया. उन्होंने कहा कि तिरंगा पूरे देश के सम्मान, स्वाभिमान और गौरव का प्रतीक है. भारतीयों से बेहतर तिरंगे का सम्मान कोई नहीं कर सकता. उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज किसी राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि पूरे देश की आन, बान और शान है. अनुराग ठाकुर ने कहा कि तिरंगा यात्रा का उद्देश्य लोगों, विशेषकर युवाओं और विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करना है. यात्रा में स्कूली छात्रों और युवा कार्यकर्ताओं की भागीदारी को उन्होंने सकारात्मक संदेश बताया.

कार्यकर्ताओं ने लगाए देशभक्ति के नारे

भाजपा सांसद ने कहा कि प्रत्येक भारतीय का कर्तव्य है कि वह राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान करें. तिरंगा यात्रा में भाजपा युवा मोर्चा के साथ बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और स्कूली छात्र शामिल हुए. हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर कार्यकर्ताओं ने देशभक्ति के नारे लगाए. भाजपा नेताओं ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है. अनुराग ठाकुर ने कहा कि तिरंगे का सम्मान भारत के प्रत्येक नागरिक के लिए गर्व का विषय है. उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि राष्ट्रीय ध्वज को लेकर सवाल उठाने के बजाय सभी को इसके सम्मान और देश की एकता को प्राथमिकता देनी चाहिए. यात्रा के जरिए भाजपा ने राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश देने की कोशिश की.

ये भी पढ़ें: 'पहले प्राप्त करें ज्ञान, फिर दें बयान', सांसद कंगना को मंत्री विक्रमादित्य की नसीहत
Last Updated : August 14, 2026 at 5:03 PM IST