ETV Bharat / state

'सुक्खू सरकार ने लिया 45 हजार करोड़ का कर्ज, फिर भी आर्थिक स्थिति बर्बाद'

राजीव बिंदल ने सुक्खू सरकार पर निशाना साधा है. प्रदेश की आर्थिक हालत के लिए उन्होंने सीएम सुक्खू को जिम्मेदार ठहराया है.

राजीव बिंदल ने हिमाचल सरकार पर साधा निशाना
राजीव बिंदल ने हिमाचल सरकार पर साधा निशाना (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : February 20, 2026 at 2:57 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

सिरमौर: इन दिनों हिमाचल प्रदेश की आर्थिक स्थिति को लेकर बीजेपी कांग्रेस में खूब तकरार हो रही है. हिमाचल की खराब आर्थिक हालात के लिए दोनों पार्टियां एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगा रही हैं. आरडीजी बंद होने के बाद आरोपों का सिलसिला और भी तेज हो गया है.

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने हिमाचल प्रदेश की वर्तमान कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली सरकार ने 40–45 महीनों में लगभग 45,000 करोड़ रुपये का कर्ज लेकर प्रदेश की आर्थिक स्थिति को बर्बाद कर दिया है. वर्ष 2022 में जनता ने कांग्रेस को प्रदेश का भाग्य सुधारने के लिए चुना था, लेकिन सरकार ने जनता को राहत देने के बजाय स्वयं का भाग्य सुधारने में समय लगाया. अब हालात यह हैं कि सरकार जनता को परेशान कर सड़कों, धरनों और प्रदर्शनों की राजनीति कर रही है. केंद्र की बीजेपी सरकार ने हिमाचल को रिकॉर्ड वित्तीय सहायता प्रदान की है.

राजीव बिंदल ने हिमाचल सरकार पर साधा निशाना (ETV Bharat)

'10 सालों में 89 हजार करोड़'

राजीव बिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत ग्रामीण सड़कों के लिए सर्वाधिक धनराशि दी गई, साथ ही फोरलेन हाईवे, नेशनल हाईवे, बड़े पुलों, लंबी टनलों और रेलवे विस्तार जैसी परियोजनाओं को अभूतपूर्व समर्थन मिला. साल 2015 से 2025 के बीच केंद्र सरकार ने हिमाचल को लगभग 89 हजार करोड़ रुपये की सहायता दी, जबकि 2005 से 2015 के बीच यह राशि लगभग 18 हजार करोड़ रुपये रही.

नए कर लगाकर जनता पर डाल रही आर्थिक बोझ

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि इतनी सहायता मिलने के बावजूद प्रदेश में बेरोजगारी बढ़ी है और महिलाएं परेशान हैं. सरकार नए-नए कर लगाकर जनता पर आर्थिक बोझ डाल रही है. एचआरटीसी का किराया बढ़ाया गया, बिजली दरों में वृद्धि हुई, नए मीटरों से भारी बिल आ रहे हैं, सीमेंट और राशन के दाम बढ़े हैं और डीजल पर वैट बढ़ने से महंगाई और तेज हुई है. लगभग हर वस्तु पर सेस और टैक्स लगाकर सरकार जनता को परेशान कर रही है. कांग्रेस सरकार ने विकास कार्यों को रोककर जनता को कष्ट देने का काम किया है. हिमाचल की जागरूक जनता सब देख रही है और आने वाले समय में कांग्रेस सरकार को उसके कार्यों का जवाब अवश्य देगी.

ये भी पढ़ें: शिमला मेयर के बजट पेश करने का बीजेपी ने जताया विरोध, हाउस में की नारेबाजी