ETV Bharat / state

'कांग्रेस राज में खून से लाल होती थीं सड़कें', मदन राठौड़ का गहलोत पर पलटवार

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस की चौमूं घटना की जांच में तुष्टिकरण की बू आ रही है.

BJP state president Madan Rathore
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ (ETV Bharat Jaipur)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : January 8, 2026 at 7:42 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

जयपुर: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर तीखा पलटवार करते हुए आरोप लगाया है कि कांग्रेस सरकार के दौरान बजरी माफियाओं को खुला संरक्षण मिला, जिसकी वजह से सड़कें खून से लाल रहती थीं. राठौड़ ने गुरुवार को पार्टी मुख्यालय पर पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि गहलोत अपने शासनकाल के उन दिनों को भूल गए हैं, जब अवैध खनन के कारण हादसों में आम लोग कुचले जाते थे और पुलिस माफियाओं के हाथों पिटकर लौटती थी. उन्होंने कहा कि कांग्रेस हर घटना में राजनीतिक रंग देखती है और चौमूं मामले में गठित उसकी जांच समिति की रिपोर्ट से तुष्टिकरण की बू आती है. राठौड़ ने कांग्रेस पर कोरोना काल में स्कूल बंद रहने के बावजूद मध्याह्न भोजन योजना में घोटाला करने का भी आरोप लगाया. उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार ने पारदर्शी टेंडर प्रक्रिया अपनाकर और माफियाओं पर कार्रवाई करके हालात सुधारे हैं.

राठौड़ ने कहा कि बजरी माफिया कांग्रेस शासन की देन है. कांग्रेस सरकार ने न तो पारदर्शी टेंडर प्रक्रिया अपनाई और न ही ठेके दिए, जिसके कारण अवैध खनन को बढ़ावा मिला. भाजपा सरकार ने नियमों के साथ पूरी पारदर्शिता रखते हुए बजरी के टेंडर किए. लगातार बजरी माफियाओं पर एक्शन लिया, जिसके चलते हालात में काफी सुधार हुआ है. राठौड़ ने कहा कि वे किसी विधायक को क्लीन चिट नहीं दे रहे, लेकिन बजरी माफिया तो कांग्रेस सरकार की देन है.

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ (ETV Bharat Jaipur)

पढ़ें: चौमूं के पत्थरबाजों का अब बुलडोजर से हिसाब, अवैध निर्माण पर JCB से प्रहार, मदन राठौड़ बोले- सजा तो मिलेगी ही

राठौड़ ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने कभी भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए गंभीर प्रयास नहीं किए. उन्होंने कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में हुए कथित घोटालों का जिक्र करते हुए कहा कि कोरोना काल जैसे संवेदनशील समय में भी कांग्रेस सरकार ने भ्रष्टाचार करने से परहेज नहीं किया. उन्होंने आरोप लगाया कि जब स्कूल बंद थे, उस दौरान भी मिड-डे मील योजना में करीब 2000 करोड़ रुपये का घोटाला किया गया. यह कांग्रेस की मानसिकता और कार्यशैली को उजागर करता है. उन्होंने बच्चों के भोजन में घोटाला किया, इसीलिए कांग्रेस का दूसरा नाम घोटाला और भ्रष्टाचार है.

यह भी पढ़ें: भाजपा अध्यक्ष राठौड़ बोले- डोटासरा बिना बॉल के फुटबॉल खेल रहे हैं और गिर रहे हैं...बहस की चुनौती स्वीकारी

कांग्रेस की जांच में तुष्टिकरण की बू: चौमूं पथराव की घटना को लेकर कांग्रेस द्वारा उठाए जा रहे सवालों पर पलटवार करते हुए राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस इस घटना को भी राजनीतिक रंग देने की कोशिश कर रही है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस द्वारा गठित जांच कमेटी की रिपोर्ट में तुष्टिकरण की बू आ रही है. न्याय की जगह राजनीति करना कांग्रेस की पुरानी आदत रही है. कोई व्यक्ति दोषी है तो उसे सजा मिलनी चाहिए, चाहे वह किसी भी वर्ग या दल से जुड़ा हो. भाजपा प्रदेशाध्यक्ष राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस जहां भी कोई घटना होती है, वहां राजनीति खोजने का प्रयास करती है. कांग्रेस का इतिहास समाज को जोड़ने का नहीं, बल्कि समाज को भड़काने और विभाजित करने का रहा है. इसी प्रवृत्ति के कारण प्रदेश में असंतोष और तनाव की स्थिति पैदा होती है. उन्होंने कहा कि भाजपा की नीति स्पष्ट है—जो भी गलत करेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी, चाहे वह किसी भी पद या पहचान से जुड़ा हो.