राहुल गांधी के लिए यह क्या बोल गए मदन राठौड़...क्यों बताई संस्कार की जरूरत, जानिए...
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अगुवानी के लिए बीकानेर आए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष. पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों पर किया केंद्र सरकार का बचाव.

Published : May 25, 2026 at 7:13 PM IST
बीकानेर: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की मानसिकता विकृत हो चुकी है. उन्हें राजनीतिक संस्कार की जरूरत है. कांग्रेस नेतृत्व लगातार ऐसे बयान दे रहा है, जो देशहित और लोकतांत्रिक मर्यादाओं के अनुरूप नहीं हैं. राठौड़ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बीकानेर दौरे की अगवानी के लिए यहां आए और मीडिया से बात कर रहे थे. उन्होंने राहुल के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर दिए बयान पर कहा कि भारतीय राजनीति में विपक्ष की भूमिका हमेशा अहम रही है, लेकिन विपक्ष को राष्ट्रहित से ऊपर उठकर केवल राजनीति करने से बचना चाहिए.
असली मुद्दों से भटकी कांग्रेस: राजस्थान भाजपा के मुखिया मदन राठौड़ ने आरोप लगाया कि कांग्रेस जनता के असली मुद्दों से भटक चुकी है. केवल भ्रम फैलाने की राजनीति कर रही है. देश आज विकास और सुरक्षा के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है, लेकिन कांग्रेस सकारात्मक राजनीति करने के बजाय लगातार सरकार की आलोचना में जुटी है. जनता अब कांग्रेस की राजनीति समझ चुकी है. यही कारण है कि देशभर में भाजपा को लगातार समर्थन मिल रहा है. पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने दुनिया में मजबूत पहचान बनाई. दुनिया की बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में तेजी से आगे बढ़ रहा है. राठौड़ ने कहा कि राजस्थान का सीमावर्ती क्षेत्र राष्ट्रीय सुरक्षा की दृष्टि से बेहद संवेदनशील और महत्वपूर्ण है. ऐसे में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का बीकानेर दौरा सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा, सीमा क्षेत्रों के विकास और अधिकारियों के साथ समन्वय को लेकर अहम है. केंद्र सरकार सीमा क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के साथ सुरक्षा एजेंसियों को आधुनिक संसाधनों से लैस कर रही है. बीएसएफ और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ लगातार समन्वय बनाकर सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर रही है.
पेट्रोल-डीजल पर बोले: पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर राठौड़ बोले, वैश्विक परिस्थितियों और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव का असर सभी देशों पर पड़ता है. इसके बावजूद भारत में पेट्रोल-डीजल के दाम अन्य कई देशों से कम बढ़े हैं. केंद्र सरकार आमजन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ नहीं पड़े, इसके प्रयास कर रही है. कई बार केंद्र ने टैक्स में छूट देकर जनता को राहत पहुंचाई. कोरोना काल और वैश्विक आर्थिक संकट के बाद भी भारत ने आर्थिक संतुलन बनाए रखा. राठौड़ ने वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान 2026 को सकारात्मक और दूरदर्शी पहल बताया.

नए चेहरों को मिलेगा मौका: भाजयुमो की नई कार्यकारिणी को लेकर बोले, संगठन में किसी आपराधिक छवि के व्यक्ति को जगह नहीं दी. पार्टी साफ-सुथरी छवि और सक्रिय कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता देती है. महिला पदाधिकारियों को लेकर उठे सवाल पर कहा, भाजपा महिला मोर्चा अलग से बेहतर कार्य कर रहा है. संगठन विस्तार जारी है. आने वाले समय में युवा मोर्चा में कई नए चेहरों को मौका दिया जाएगा.
पढ़ें:आर-पार के मूड में कांग्रेस-भाजपा! जयपुर की सड़कों पर आमने-सामने होंगे कार्यकर्ता, पुलिस अलर्ट

