राठौड़ का कांग्रेस और राहुल गांधी पर जुबानी हमला, कहा- जैसा नेता, वैसे ही उनके कार्यकर्ता
जयपुर में भाजपा मुख्यालय में मदन राठौड़ ने मीडिया से बातचीत में साधा निशाना.

Published : February 22, 2026 at 6:37 PM IST
जयपुर: भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस पार्टी और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर करारा हमला बोला है. दिल्ली में हुई एआई समिट में युवा कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर उन्होंने कहा कि जैसे राहुल गांधी हैं, वैसे ही उनके कार्यकर्ता हैं. मदन राठौड़ ने बीकानेर में एक स्कूली छात्रा के साथ हुई दुष्कर्म की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कहा कि इस मामले में कड़ी कार्रवाई होगी. वे रविवार को जयपुर में भारतीय जानता पार्टी के मुख्यालय में मीडिया से बातचीत कर रहे थे.
यह देश की छवि खराब करने का प्रयास : दिल्ली में एआई समिट में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन को लेकर उन्होंने कहा कि यह कोई साधारण राजनीतिक विरोध नहीं, बल्कि देश की प्रतिष्ठा के खिलाफ किया गया गंभीर कृत्य है. जब पूरा विश्व भारत की नेतृत्व क्षमता, तकनीकी नवाचार और वैश्विक प्रभाव को स्वीकार कर रहा है, तब कांग्रेस नेता राहुल गांधी और उनके सहयोगियों द्वारा देश की छवि धूमिल करने का प्रयास निंदनीय है.
कोई नागरिक इसे सहन नहीं करेगा : उन्होंने संत कबीर के एक दोहे के जरिए राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा- जिनके वरिष्ठ नेता भी इस प्रकार उद्दंड हैं, उनके कार्यकर्ता भी वैसे ही होंगे. दाेनों कुएं में गिरने वाले हैं. उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस के इस कदम के खिलाफ देशभर में विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं. इस तरह की नाटकबाजी करना, षड्यंत्र करना, देश की छवित धूमिल करना अच्छी बात नहीं है. देश का कोई भी नागरिक इसे सहन नहीं करेगा.
बीकानेर में दुष्कर्म की घटना दुर्भाग्यपूर्ण : बीकानेर में स्कूली छात्रा से दुष्कर्म की घटना और इस मुद्दे पर कांग्रेस नेताओं के आरोपों के सवाल पर राठौड़ ने कहा कि निश्चितरूप से यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना है. प्रदेश में अपराध हुए हैं, लेकिन अपराधियों को पकड़ कर सजा दिलाना महत्वपूर्ण है. अपराध पर रोक लगनी चाहिए और सरकार इस दिशा में काम कर रही है. अपराध पर कठोर दंड के प्रावधान होंगे तो अपराध रुकेंगे और अपराधी अपराध करने से डरेंगे.
पढ़ें : घर से परीक्षा देनी गई छात्रा नहीं पहुंची स्कूल, रास्ते में हत्या, दुष्कर्म की आशंका
बीसलपुर विस्थापितों को मिले न्याय : वहीं, बीसलपुर बांध विस्थापितों की जमीनों के मामले में 400 करोड़ रुपए के घोटाले को लेकर उन्होंने कहा कि विधानसभा में विधायक ने बात रखी है. घोटाले का आरोप लगाया है तो कोई आधार होगा. विस्थापितों को निश्चित रूप से मुआवजा मिलना चाहिए. यदि भ्रष्टाचार हुआ है तो जांच के बाद सजा मिलनी चाहिए.

