'हमारे नेता पर कार्रवाई, कांग्रेस कहे धन्यवाद': एसीबी की कार्रवाई पर भाजपा अध्यक्ष का डोटासरा पर पलटवार
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि मालवीय पर एसीबी की कार्रवाई यह दर्शाती है कि जांच एजेंसियां निष्पक्ष रूप से कार्रवाई करती है.

Published : January 14, 2026 at 7:08 PM IST
जयपुर: भाजपा नेता और पूर्व मंत्री महेंद्रजीत सिंह मालवीय के ठिकानों पर भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की कार्रवाई को लेकर प्रदेश की राजनीति गर्मा गई है. कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने इसे राजनीतिक दबाव की कार्रवाई बताया था. इस पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि भाजपा प्रेशर टैक्टिक्स वाली राजनीति नहीं करती. जांच एजेंसियां पूरी तरह स्वतंत्र होकर अपना काम कर रही हैं. वे बोले 'जहां तक महेंद्रजीत सिंह मालवीय के भाजपा छोड़ने की बात है, वो अभी भाजपा में हैं और एसीबी हमारे नेता पर कार्रवाई कर रही है. इसके लिए कांग्रेस को तो हमारा धन्यवाद देना चाहिए.'
राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा द्वारा एफआईआर पर दिया गया बयान उनकी हताशा को दर्शाता है. डोटासरा जब चुनाव हारते हैं तो ईवीएम पर सवाल खड़े करते हैं और जब जीतते हैं तो विजय का जश्न मनाते हैं. यह कांग्रेस की पुरानी आदत रही है. उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण एक नियमित और संवैधानिक प्रक्रिया है, जो आजादी के बाद कई बार हो चुकी है. 'फर्जी वोटिंग, डबल वोटिंग या गैर-नागरिकों के नाम हटाना लोकतंत्र को मजबूत करने की प्रक्रिया है. इसे साजिश बताना कांग्रेस की निराशा का परिचायक है. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस पहले ही 2028 के विधानसभा चुनाव को लेकर हार मान चुकी है, इसलिए अभी से रोना-पीटना और आरोप-प्रत्यारोप शुरू कर दिए गए हैं.
जांच एजेंसियां निष्पक्ष रूप से काम कर रही हैं: महेंद्रजीत सिंह मालवीय के मामले पर बोलते हुए मदन राठौड़ ने स्पष्ट किया कि वे आज भी भाजपा के नेता हैं. उन्होंने कहा कि उनकी खुद मालवीय से बातचीत हुई है और मालवीय स्वयं भी इस कार्रवाई को लेकर असमंजस में हैं. राठौड़ ने कहा कि मालवीय न तो कांग्रेस में गए हैं और न ही उन्होंने भाजपा छोड़ी है. इसके बावजूद उनके ठिकानों पर कार्रवाई होना इस बात का प्रमाण है कि जांच एजेंसियां निष्पक्ष रूप से काम कर रही हैं. राठौड़ ने कहा कि भाजपा जांच एजेंसियों के काम में कोई हस्तक्षेप नहीं करती और न ही अपने नेताओं को बचाने के लिए दबाव बनाती है. उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उसने अपने शासनकाल में हमेशा जांच एजेंसियों का दुरुपयोग किया और राजनीतिक विरोधियों को परेशान किया.
यह भी पढ़ें: मालवीय के बाद कई और नेता 'घर वापसी' की कतार में, अनुशासन समिति के पास पहुंची दरख्वास्त
प्रेशर टैक्टिक्स की राजनीति भाजपा नहीं करती: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस को यह भी सलाह दी कि वह हर मुद्दे को राजनीतिक रंग देने के बजाय आत्ममंथन करे. उन्होंने कहा कि जनता अब सब समझती है और बार-बार जांच एजेंसियों पर सवाल उठाने से कांग्रेस की साख और कमजोर होती जा रही है. राठौड़ ने कहा कि अगर किसी को लगता है कि उसके साथ अन्याय हो रहा है, तो उसके लिए न्यायिक और संवैधानिक रास्ते खुले हैं, लेकिन बेबुनियाद आरोप लगाना लोकतांत्रिक परंपराओं के खिलाफ है. मदन राठौड़ ने कहा कि एसीबी की कार्रवाई पूरी तरह कानून के दायरे में है और जो भी सच्चाई होगी, वह जांच के बाद सामने आ जाएगी. भाजपा न तो दबाव की राजनीति करती है और न ही करेगी.
यह भी पढ़ें: महेंद्रजीत सिंह मालवीय ने कांग्रेस में वापसी का ऐलान किया, बोले- भाजपा मुझे रास नहीं आई
कांग्रेस ने लगाए थे आरोप: कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने पूर्व मंत्री महेंद्रजीत सिंह मालवीय के ठिकानों पर भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की कार्रवाई को लेकर भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए थे. डोटासरा ने कहा कि जैसे ही महेंद्रजीत सिंह मालवीय ने भाजपा छोड़ने का ऐलान किया, इसके तुरंत बाद उनके ठिकानों पर एसीबी ने छापेमारी शुरू कर दी. इससे साफ है कि यह कार्रवाई राजनीतिक दबाव और बदले की भावना से प्रेरित है.

