थाने की होती है नीलामी, इसलिए बढ़ रहा अपराधः बाबूलाल मरांडी ने सरकार पर बोला हमला
बाबूलाल मरांडी ने स्वर्गीय सोमा मुंडा के परिजनों से मुलाकात की. उन्होंने कहा कि सरकार की नाकामी के कारण झारखंड में अपराध बढ़ रहे हैं.

Published : January 10, 2026 at 5:52 PM IST
रांचीः भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने शनिवार को खूंटी जिला के पड़हा राजा स्वर्गीय सोमा मुंडा के परिजनों से मुलाकात की और राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि झारखंड में अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और इसकी मूल वजह सरकार की नाकामी है. मरांडी ने दावा किया कि आज झारखंड में थाना स्तर तक 'नीलामी' का खेल चल रहा है.
वसूली तंत्र को रोके बगैर अपराध पर नियंत्रण मुश्किल
उन्होंने कहा, 'लोग बताते हैं कि थाना 15 से 20 लाख रुपए में नीलाम होता हैं'. जो अधिकारी पैसे देकर आते हैं, वे वसूली करेंगे ही. जब तक यह वसूली तंत्र नहीं रुकेगा, अपराध भी नहीं रुकेगा. प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष नीलकंठ सिंह मुंडा भी उनके साथ मौजूद थे. दोनों नेताओं ने सोमा मुंडा के परिवार को सांत्वना दी और कहा कि इस हत्या की निष्पक्ष जांच जरूरी है.
भू-माफियाओं की शरणस्थली बन गया है खूंटी
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि खूंटी भूमाफियाओं की शरणस्थली बन गया है. सरकारी और आदिवासी जमीनों पर जबरन कब्जा करने में थाना स्तर तक की मिलीभगत दिखती है. उन्होंने कहा कि पड़हा राजा सोमा मुंडा जल, जंगल और जमीन के प्रति समर्पित सामाजिक कार्यकर्ता थे, जो पारंपरिक पड़हा व्यवस्था के तहत लोगों को न्याय दिलाने का काम करते थे.
मुख्यमंत्री के पास है गृह विभाग- बाबूलाल मरांडी
बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर सीधा निशाना साधते हुए कहा कि चूंकि राज्य का गृह विभाग उन्हीं के पास है, इसलिए कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी भी उन्हीं पर है. उन्होंने कहा, 'अगर सरकार थाना स्तर पर पैसों की वसूली बंद कर दे, तो अपराध अपने आप कम हो जाएंगे और राज्य में कानून-व्यवस्था सुधर जाएगी.' भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि विपक्ष के नाते पार्टी जनता की समस्याओं को मजबूती से सरकार के समक्ष रखती रहेगी और सोमा मुंडा जैसे आदिवासी नेताओं को न्याय दिलाने की लड़ाई जारी रहेगी.

बता दें कि बुधवार की शाम सोमा मुंडा की गोली मारकर हत्या किए जाने के बाद से पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. इस बीच शुक्रवार को केस की प्रगति रिपोर्ट जानने खूंटी पहुंचे रांची के आईजी मनोज कौशिश ने खूंटी थाना प्रभारी को सस्पेंड करते हुए लाइन हाजिर कर दिया था. तोरपा सर्किल इंस्पेक्टर अशोक सिंह को एसपी मनीष टोप्पो ने खूंटी थाना प्रभारी की जिम्मेदारी दी है.
ये भी पढ़ें:
सोमा मुंडा हत्याकांड से उबल उठा खूंटी, आदिवासी समाज का बंद रहा सफल, प्रशासन को सौंपा मांग पत्र
खूंटी में आदिवासी नेता और पड़हा राजा सोमा मुंडा की गोली मारकर हत्या, विरोध में आज खूंटी बंद
सोमा मुंडा हत्याकांड से उबल उठा खूंटी, आदिवासी समाज का बंद रहा सफल, प्रशासन को सौंपा मांग पत्र

