ETV Bharat / state

बीजेपी का मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर हमला, बोले- व्यापारियों से नफरत, बिचौलियों और दलालों से क्यों है प्यार?, झामुमो ने किया पलटवार

झारखंड बीजेपी अध्यक्ष आदित्य साहू ने सीएम हेमंत सोरेन पर कई आरोप लगाए हैं. जिसपर झामुमो ने पलटवार किया है.

BJP State President Aditya Sahu
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : February 6, 2026 at 8:17 PM IST

|

Updated : February 6, 2026 at 9:33 PM IST

6 Min Read
Choose ETV Bharat

रांची: सीएम हेमंत सोरेन द्वारा धनबाद में जेएमएम स्थापना दिवस पर कार्यक्रम में झारखंड के व्यापारियों पर की गई टिप्पणी पर राजनीति शुरू हो गई है. बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू ने इस मामले पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री राज्य के व्यापारियों पर अपमानजनक टिप्पणी करते हैं. घाटशिला उपचुनाव में भी उन्होंने व्यापारियों के संबंध में अपमानजनक टिप्पणी की थी. प्रदेश बीजेपी ऐसे बयानों की कड़े शब्दों में निंदा करती है. वहीं इस पर झामुमो ने बीजेपी पर पलटवार किया है.

बीजेपी प्रदेश कार्यालय में मीडियाकर्मियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि मुख्यमंत्री को व्यवसायियों, व्यापारियों से नफरत है. दूसरी ओर मुख्यमंत्री को दलालों, बिचौलियों से अपार प्रेम है, इसीलिए वे झारखंड में दलालों बिचौलियों को बढ़ावा और संरक्षण दे रहे हैं. उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन की सरकार को बिचौलिया और दलाल ही संचालित कर रहे हैं.

जानकारी देते बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू (Etv bharat)

झारखंड में दलाल बिचौलिया सक्रिय: आदित्य साहू

आदित्य साहू ने राज्य में दलाल बिचौलिए सक्रिय होने का आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जी अभी अभी विदेश दौरे से लौटे हैं. राज्य में निवेश व्यापार को बढ़ाने की बात कर रहे हैं, वे राज्य के कुछ व्यापारियों को लेकर भी गए थे. मुख्यमंत्री जी का फिर यह दोहरा चरित्र क्यों? उन्होंने कहा कि ये व्यापारी समाज ही है जो लाखों लोगों की रोजी रोटी से जुड़ा हुआ है. लाखों परिवार का पालन व्यवसायों से ही होता है, इसलिए एक संवैधानिक प्रमुख पद पर बैठकर व्यापारियों को गाली देना शोभा नहीं देता.

मुख्यमंत्री को पता है कि व्यापारी कितनी दर्द झेल रहे हैं?

आदित्य साहू ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को व्यापारियों को सम्मानित करना चाहिए़ जो आपका काम पूरा कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि क्या मुख्यमंत्री को पता है कि राज्य में अपराधियों की धमकी, फिरौती, बच्चों का अपहरण जैसे दर्द झेलकर कैसे व्यापारी वर्ग व्यवसाय कर रहे हैं? इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष के समक्ष तीन प्रत्याशियों ने बीजेपी समर्थित उम्मीदवार के पक्ष में नामांकन वापस लेने वाले पार्टी नेताओं का स्वागत किया. उन्होंने कहा कि अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं होगी और जो भी पार्टी के निर्देश का उल्लंघन करके चुनाव लड़ रहे हैं उन पर कार्रवाई निश्चित की जायेगी.

झामुमो की ओर से पलटवार

वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू द्वारा लगाए गए आरोपों पर झामुमो की ओर से तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की गई है. झामुमो के केंद्रीय महासचिव विनोद पांडेय ने कहा कि झारखंडियों को रोजगार देने की बात करना आज भाजपा को धमकी लगने लगा है. उन्होंने कहा कि यह भाजपा की जनविरोधी और युवा विरोधी मानसिकता को उजागर करता है. भाजपा को न तो राज्य के युवाओं की चिंता है और न ही स्थानीय लोगों के भविष्य से कोई सरोकार है.

विनोद पांडेय ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन झारखंड के युवाओं के रोजगार और भविष्य को लेकर पूरी तरह संवेदनशील हैं. उनकी सरकार ने न केवल सरकारी नौकरियों में पारदर्शी तरीके से बहालियों की प्रक्रिया शुरू की है, बल्कि निजी क्षेत्र में भी स्थानीय युवाओं को अवसर देने के लिए ठोस और ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं. राज्य में चलने वाली निजी कंपनियों में 75 प्रतिशत स्थानीय लोगों की नियुक्ति का निर्णय कर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने युवाओं के व्यापक हित में लिया है, ताकि झारखंड के संसाधनों पर पहला अधिकार झारखंडियों का हो. लेकिन भाजपा को रास नहीं आ रहा कि मुख्यमंत्री स्थानीय युवाओं के हक और अधिकार की बात करें.

झामुमो महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने कहा कि यह फैसला भाजपा जैसी नफरत फैलाने वाली पार्टी को समझ में नहीं आ सकता. भाजपा को जब भी स्थानीय अधिकार, रोजगार और सामाजिक न्याय की बात होती है तो वह उसे राजनीति का हथियार बनाकर भ्रम फैलाने लगती है. सच यह है कि भाजपा झारखंड के युवाओं को सिर्फ वोट बैंक की तरह इस्तेमाल करना जानती है, उनके स्थायी रोजगार और सम्मानजनक भविष्य से उसका कोई लेना-देना नहीं है.

भाजपा का असली एजेंडा समाज में नफरत फैलाना - विनोद पांडेय

विनोद पांडेय ने भाजपा को उसके पुराने वादों की याद दिलाते हुए कहा कि भाजपा केंद्र की सत्ता में यह कहकर आई थी कि हर साल करोड़ों नौकरियां दी जाएंगी और कुल मिलाकर पांच करोड़ रोजगार सृजित किए जाएंगे, लेकिन बाद में स्वयं भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने इस वादे को “जुमला” बता दिया. इससे बड़ा प्रमाण और क्या हो सकता है कि भाजपा के लिए रोजगार कभी प्राथमिकता रहा ही नहीं. भाजपा के लिए असली एजेंडा समाज में नफरत फैलाना, लोगों को बांटना और मुद्दों से ध्यान भटकाना है.

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष युवाओं से मांगे माफी - विनोद पांडेय

विनोद पांडेय ने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू को झारखंड के युवाओं से माफी मांगनी चाहिए. भाजपा के शासनकाल में नियुक्तियों के नाम पर बड़े-बड़े घोटाले हुए, परीक्षाएं रद्द हुईं और युवाओं का भविष्य अंधकार में धकेला गया. इसके विपरीत, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य में सरकारी नौकरियों की बरसात हो रही है. लगभग सभी विभागों में पारदर्शी तरीके से बहालियां की जा रही हैं और युवाओं को उनका हक मिल रहा है. विनोद कुमार पांडेय ने कहा कि असल सच्चाई यह है कि भाजपा एक आदिवासी को मुख्यमंत्री के पद पर एक मिनट भी देखना नहीं चाहती.

ये भी पढ़ें- नगर निकाय चुनाव में प्रत्याशी बनने को लेकर बीजेपी में घमासान, डैमेज कंट्रोल में जुटी बीजेपी

बीजेपी नेता आदित्य जायसवाल की कांग्रेस में वापसी, जेएलकेएम नेता भी समर्थकों के साथ हुए शामिल

असम विधानसभा चुनाव लड़ने की जेएमएम ने की घोषणा, कांग्रेस ने दी यह प्रतिक्रिया

Last Updated : February 6, 2026 at 9:33 PM IST