धनबाद दौरे पर भाजपा प्रदेश अध्यक्षः संजीव कुमार अग्रवाल की जीत पर जताया भरोसा, बागियों को दी चेतावनी
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने धनबाद का दौरा किया.

Published : February 17, 2026 at 5:29 PM IST
धनबादः नगर निगम चुनाव को लेकर सियासी माहौल लगातार गरमाता जा रहा है. इसी क्रम में धनबाद पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने भाजपा समर्थित मेयर प्रत्याशी संजीव कुमार अग्रवाल की जीत का भरोसा जताया. उन्होंने कहा कि धनबाद की जनता विकास, पारदर्शिता और भ्रष्टाचारमुक्त व्यवस्था चाहती है और इसी सोच के साथ वह भाजपा समर्थित उम्मीदवार को समर्थन देगी.
धनबाद के बैंक मोड़ थाना क्षेत्र स्थित धोवाटांड़ कार्यालय में मीडिया से बातचीत के दौरान आदित्य साहू ने पार्टी अनुशासन पर भी सख्त रुख दिखाया. उन्होंने कहा कि जो नेता पार्टी लाइन से हटकर काम कर रहे हैं, उन्हें शो-कॉज नोटिस जारी किया गया है. पार्टी की अनुशासन समिति पूरे मामले पर नजर रखे हुए है और किसी भी तरह की अनुशासनहीनता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
राज्य की झारखंड मुक्ति मोर्चा-कांग्रेस गठबंधन सरकार पर हमला बोलते हुए साहू ने कहा कि वर्तमान सरकार भय और दबाव की राजनीति कर रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि एक सोची-समझी रणनीति के तहत नगर निकाय चुनाव को दलीय आधार पर न कराकर गैर-दलीय आधार पर कराने का निर्णय लिया गया. उनका कहना था कि भाजपा के आंदोलन और दबाव के बाद ही सरकार को चुनाव कराने का फैसला लेना पड़ा.
मेयर पद के जेएमएम समर्थित प्रत्याशी चंद्रशेखर अग्रवाल द्वारा गिनाए जा रहे विकास कार्यों पर प्रतिक्रिया देते हुए साहू ने कहा कि वे सभी योजनाएं पूर्ववर्ती सरकारों की देन हैं. उन्होंने कहा कि रघुवर दास के नेतृत्व वाली सरकार और केंद्र में नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में राज्य में कानून का राज था और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगा था, जबकि मौजूदा सरकार में हालात बदतर हो गए हैं. उन्होंने हाल ही में डॉ. मिहिर के घर पर लगाए गए धमकी भरे पोस्टर की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि यह राज्य में बिगड़ती कानून-व्यवस्था का उदाहरण है.
इसे भी पढ़ें- झारखंड की बदहाली पर बरसे आदित्य साहू, बोले- भ्रष्टाचार और डर के साये में जी रहा प्रदेश
इसे भी पढ़ें- दुमका नगर परिषद प्रबंधन समिति की बैठक में शामिल हुए आदित्य साहू, भाजपा समर्थित उम्मीदवार को जीत दिलाने की बनाई रणनीति
इसे भी पढ़ें- देवघर पहुंचे बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, निकाय चुनाव को लेकर विपक्षियों पर किया वार

