झारखंड की बदहाली पर बरसे आदित्य साहू, बोले- भ्रष्टाचार और डर के साये में जी रहा प्रदेश
सरायकेला में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि हेमंत राज में प्रदेश के लोग डर के साये में जी रहे हैं.

Published : February 11, 2026 at 6:58 PM IST
सरायकेला: नगर निकाय चुनाव की सरगर्मी के बीच भाजपा ने सरायकेला में अपनी ताकत झोंक दी है. अध्यक्ष पद के उम्मीदवार सुमित कुमार चौधरी के चुनावी कार्यालय का उद्घाटन करने प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष आदित्य साहू पहुंचे. इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सरकार पर तीखा हमला बोला है. बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि पिछले 6 वर्षों में झारखंड विकास से कोसों दूर चला गया है.
सरकार नहीं, 'लूट का अड्डा' है गठबंधन: आदित्य साहू
आदित्य साहू ने कांग्रेस समर्थित झामुमो सरकार को घेरते हुए कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है. उन्होंने जनता के दर्द के बारे में बताया कि 'आज झारखंड की माताओं-बहनों की इज्जत सुरक्षित नहीं है. प्रतिष्ठित लोगों के घरों के बाहर अपराधी और गुंडे खुलेआम धमकी भरे पर्चे चिपका रहे हैं. पूरा प्रदेश भय के साये में जीने को मजबूर है'.
जनता के पैसों का नहीं मिल रहा हिसाब
भ्रष्टाचार के मुद्दे पर प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि जनता की गाढ़ी कमाई के 10 हजार करोड़ रुपये का कोई हिसाब-किताब नहीं मिल रहा है. बीजेपी अध्यक्ष आदित्य साहू ने वर्तमान सरकार को 'जनविरोधी' करार देते हुए कहा कि यह सरकार युवा, महिला, किसान और व्यापारी सभी के हितों के खिलाफ काम कर रही है.
48 निकायों में खिलेगा कमल: आदित्य साहू
आगामी निकाय चुनाव को लेकर आदित्य साहू ने दावा किया कि झारखंड की जनता अब 'धोखा और झूठ' की राजनीति को समझ चुकी है. उन्होंने कहा कि 48 नगर निकायों में होने वाले चुनावों में जनता भाजपा समर्थित उम्मीदवारों को जिताकर 'भगवा' लहराने के लिए तैयार हैं. प्रदेश अध्यक्ष ने संगठन की मजबूती पर जोर देते हुए कहा कि पार्टी बागियों पर भी नजर रख रही है और अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
चंपई सोरेन हमारे आदर्श: आदित्य साहू
कोल्हान के टाइगर कहा जाने वाले पूर्व सीएम और वर्तमान विधायक चंपई सोरेन के साथ मनमुटाव की खबरों को प्रदेश अध्यक्ष ने सिरे से खारिज कर दिया. आदित्य साहू ने कहा कि चंपाई सोरेन को वह आदर्श और वरिष्ठ नेता मानते हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी में कोई कलह नहीं है और पूरी टीम एकजुट होकर जीत के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है.
नगर निकाय चुनाव को लेकर भाजपा की सांगठनिक बैठक, पार्टी में शामिल हुए विजय सिंह गगराई

