चैतन्य बघेल की रिहाई और लखमा के जेल में होने पर बीजेपी का तंज, देवलाल बोले- आदिवासी नेताओं से भूपेश कर रहे छल-प्रपंच
बीजेपी प्रवक्ता देवलाल ठाकुर बोले- पढ़े-लिखे न होने के बावजूद कवासी लखमा जेल में सड़ रहे हैं. उनकी पूछ परख भूपेश बघेल नहीं कर रहे.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : January 4, 2026 at 9:01 PM IST
रायपुर. भाजपा प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने शराब घोटाला मामले में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल की जमानत पर रिहाई और उसके बाद निकाले गए जुलूस पर करारा हमला किया. ठाकुर ने कहा कि इस जुलूस ने साफ कर दिया कि कांग्रेस भ्रष्टाचार के साथ खड़ी है और जो जितना बड़ा घोटाला करेगा, वह पार्टी में उतना ही आगे बढ़ेगा.
चैतन्य बघेल रिहा, कवासी लखमा अभी भी जेल में: ठाकुर ने कहा कि हजारों करोड़ रुपए के शराब घोटाले में एक ओर चैतन्य बघेल को जमानत मिल गई, वहीं दूसरी ओर भूपेश सरकार में मंत्री रहे आदिवासी नेता कवासी लखमा, जो पढ़े-लिखे नहीं थे, आज भी जेल में बंद हैं. ठाकुर ने आरोप लगाया कि भूपेश बघेल ने मुख्यमंत्री रहते हुए लखमा के पढ़े-लिखे न होने का फायदा उठाकर उनके दस्तखत करवाए और अब वही आदिवासी नेता जेल में हैं.
कांग्रेस की आदिवासी विरोधी नीति: भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस की सदैव यही नीति रही है कि आदिवासियों का शोषण कर उनकी राजनीतिक हत्या की जाए. उन्होंने यह भी बताया कि भूपेश बघेल ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और बस्तर के आदिवासी नेता मोहन मरकाम सहित कई नेताओं के साथ राजनीतिक छल-प्रपंच किया, जो प्रदेश में किसी से छिपा नहीं है.
भ्रष्टाचारियों के साथ कांग्रेस की दोस्ती: ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस हमेशा भ्रष्टाचारियों के साथ खड़ी रही है, जबकि ईमानदार और कमजोर नेताओं को पीछे धकेल दिया जाता है. उन्होंने कहा कि इस घटना ने साफ कर दिया कि कांग्रेस का स्वार्थ और व्यक्तिगत लाभ ही प्राथमिकता है.

