जमशेदपुर चाकूबाजी मामले में सियासी बयानबाजी, भाजपा ने सरकार और प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप
जमशेदपुर के बिष्टुपुर बार में हुई चाकूबाजी के बाद हुई मौत से राजनीतिक पारा चढ़ने लगा है. बीजेपी ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं.

Published : June 30, 2026 at 5:26 PM IST
जमशेदपुर: शहर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित एक बार के बाहर पुलिस की वैन से खींचकर हुई चाकूबाजी की घटना में घायल हिमांशु की मौत के बाद मामला अब राजनीतिक रंग लेने लगा है. इस मामले में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष ने कहा कि घटना को अंजाम देने वाले उतने ही दोषी है, जितना वहां मौजूद पुलिसकर्मी. सब पर स्पीडी ट्रायल चलाकर फांसी की सजा मिले. उन्होंने कहा कि न्याय नहीं मिला तो भाजपा सड़क पर आंदोलन करेगी और जरूरत पड़ी तो जमशेदपुर बंद किया जायेगा.
आरोपियों को जल्द मिले सजा: भानु प्रताप शाही
जमशेदपुर दौरे पर पहुंचे भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष भानु प्रताप शाही ने पार्टी कार्यालय में मीडिया से बातचीत की. इस दौरान पुलिस के समक्ष हुई चाकूबाजी में घायल हिमांशु की मौत पर सरकार प्रशासन पर निशाना साधा है. इस मौके पर जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा से विधायक पूर्णिमा साहू और जिला अध्यक्ष संजीव सिन्हा मौजूद रहे. इस मामले में एसएसपी ने अब तक बिस्टुपुर थाना प्रभारी समेत 4 पुलिसकर्मी को सस्पेंड कर दिया है. वहीं आबकारी विभाग ने बार को सील कर दिया है.
क्लीन सिटी अब अशांत हो गया है: भानु प्रताप शाही
भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष भानु प्रताप ने कहा की ग्रीन सिटी, क्लीन सिटी अब अशांत हो गया है. यहां जनता अब भय के माहौल में है, कोई सुरक्षित नहीं है. आए दिन आपराधिक घटनाए घट रही हैं, जबकि पुलिस प्रशासन वाहन चेकिंग के नाम पर वसूली करने में लगी है. उन्होंने आंकड़ा बताते हुए कहा कि 16 सौ में 5 सौ पुलिसकर्मी सिर्फ ट्रैफिक चेकिंग में लगे हैं. वाहन चेकिंग में करोड़ों वसूला जा रहा है, जिसका एक हिस्सा सरकार को, बाकी का बंटवारा पुलिस में होता है. इस सरकार में पैसे के बल पर ट्रांसफर पोस्टिंग हो रही है. ऐसे में पुलिस अधिकारी सिर्फ पैसा वसूलने में लगे हैं.
भानु प्रताप शाही ने कहा कि जमशेदपुर में केवल तीन चार महीने के आंकड़े में चापड़बाजी की घटना चौंकाने वाली है. उन्होंने कहा कि इस मामले में जल्द न्याय नहीं मिला तो भाजपा सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी. वहीं विधायक पूर्णिमा साहू ने भी शहर की बिगड़ती विधि व्यवस्था पर सरकार से लगाम लगाने की बात कही. उन्होंने कहा कि व्यवस्था नहीं सुधरी तो जनता के साथ हम आंदोलन करेंगे.
ये भी पढ़ें: जमशेदपुर बार में हुई चाकूबाजी में घायल हिमांशु की मौत, तीन पुलिसकर्मी सस्पेंड
जमशेदपुर में अवैध संबंध के शक में युवक की पीट-पीटकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार

