ETV Bharat / state

बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार के खिलाफ बिहार में उबाल, BJP का हल्ला बोल

पटना में बीजेपी नेताओं-कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन ने बांग्लादेश मामले में अपना रोष प्रकट किया. प्रधानमंत्री मोदी से मामले में हस्तक्षेप की मांग की. पढ़ें खबर

BANGLADESH HINDU VIOLENCE
भाजपा का प्रदर्शन (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : December 26, 2025 at 2:54 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

पटना : पड़ोसी देश बांग्लादेश में हिंदू समुदाय पर हो रहे अत्याचार और हिंसा की घटनाओं को लेकर पूरे देश में आक्रोश का माहौल है. बिहार की राजधानी पटना में भी इसका असर देखने को मिला, जहां बीजेपी के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया. बीजेपी कार्यकर्ताओं ने कारगिल चौराहा पर बांग्लादेश के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए पुतला दहन किया और वहां की सरकार पर हिंदुओं की अनदेखी का आरोप लगाया.

यूनुस खान के खिलाफ प्रदर्शन : बीजेपी कार्यकर्ताओं ने बांग्लादेश के कार्यवाहक प्रधानमंत्री यूनुस खान का पुतला जलाया. बीजेपी के कार्यकर्ताओं ने 'हिंदुओं पर अत्याचार बंद करो', 'बांग्लादेश सरकार शर्म करो' और 'हिंदुओं की रक्षा करो' जैसे नारा लगाते हुए शहर में प्रदर्शन किया. प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए. भाजपा कार्यकर्ताओं ने बांग्लादेश के कार्यवाहक प्रधानमंत्री और बांग्लादेशी क्रिकेटरों की तस्वीर के साथ अपना विरोध प्रदर्शन किया.

पटना में बीजेपी नेताओं ने किया विरोध प्रदर्शन (ETV Bharat)

हिंदुओं के समर्थन में प्रदर्शन : बीजेपी की महिला नेत्री माधुरी सिन्हा का कहना है कि बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों को लगातार निशाना बनाया जा रहा है. मंदिरों में तोड़फोड़, घरों को आग के हवाले करने, महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार और जबरन पलायन जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं.

"इन घटनाओं के बावजूद बांग्लादेश सरकार मूकदर्शक बनी हुई है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की जा रही है. हिंदुओं के खिलाफ हो रही घटनाओं को देखते हुए देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक्शन लेना चाहिए."- माधुरी सिन्हा, नेत्री, बीजेपी

बांग्लादेश की सरकार पर आरोप : बीजेपी के नेता अनिल साहनी का कहना है कि बांग्लादेश में हिंदुओं की आबादी पहले ही लगातार घट रही है. वहां की सरकार और आतंकी के द्वारा टारगेट करके हिंदुओं को मारा जा रहा है. उसके खिलाफ देश के 140 करोड़ देशवासियों के अंदर आक्रोश है.

BJP protests in Patna
BJP का हल्ला बोल (ETV Bharat)

"बांग्लादेश में दीपू चंद्र दास की जिस तरीके से निर्मम हत्या की गई है वह अब बर्दाश्त नहीं किया जा रहा है. इसी के खिलाफ वह लोग आज सड़कों पर उतरकर अपना आक्रोश व्यक्त कर रहे हैं."- अनिल सहनी, बीजेपी नेता

भारत सरकार से हस्तक्षेप की मांग : अनिल सहनी का कहना है कि बांग्लादेश में मौजूदा हालात में हिन्दू समुदाय के अस्तित्व पर खतरा मंडरा रहा है, इसीलिए देश के प्रधानमंत्री से उन लोगों की मांग है कि बांग्लादेश के हिंदुओं की सुरक्षा के लिए सख्त कदम उठाया जाए. भारत सरकार से मांग की कि वह अंतरराष्ट्रीय मंचों पर बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर हो रहे अत्याचार का मुद्दा मजबूती से उठाए.

"बांग्लादेश में रह रहे हिंदुओं की सुरक्षा के लिए भारत सरकार को कूटनीतिक स्तर पर ठोस पहल करनी चाहिए. अगर हालात नहीं सुधरे तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा."- अनिल सहनी, बीजेपी नेता

ये भी पढ़ें :-

पुलिस और भाजपा समर्थकों के बीच हाथापाई...हिंदू बांग्लादेशी युवक की हत्या पर बंगाल में उबाल!

बांग्लादेश में हिंदू युवक की हत्या पर भारत में उबाल, देश के अलग-अलग हिस्सों में विरोध प्रदर्शन