ETV Bharat / state

जिला परिषद अध्यक्ष-उपाध्यक्ष चुनाव में देरी से भड़की बीजेपी, सुक्खू सरकार के खिलाफ प्रदेशभर में प्रदर्शन

हिमाचल में जिला परिषद सदस्यों के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष का चुनाव लंबित है. भाजपा ने कांग्रेस सरकार पर लोकतंत्र का गला घोंटने का आरोप लगाया.

सुक्खू सरकार के खिलाफ भाजपा का प्रदेशभर में प्रदर्शन
सुक्खू सरकार के खिलाफ भाजपा का प्रदेशभर में प्रदर्शन (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : June 27, 2026 at 3:55 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

शिमला/कुल्लू/हमीरपुर: पूरे हिमाचल प्रदेश में भाजपा नेताओं ने जिला परिषद, बीडीसी और नगर निकायों के चेयरमैन व वाइस चेयरमैन के चुनाव में हो रहे देरी को लेकर कांग्रेस सरकार के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया. इस दौरान भापजा नेताओं ने सरकार पर लोकतांत्रिक संस्थाओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया. प्रदर्शन के बाद भाजपा नेताओं ने उपायुक्त के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भी सौंपा और जल्द चुनाव नहीं होने पर प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी दी.

शिमला में भाजपा का प्रदर्शन

शिमला के सीटीओ चौक पर उपायुक्त कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन में शामिल भाजपा के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि सरकार जानबूझकर जिला परिषद, बीडीसी और नगर निकायों में चेयरमैन और वाइस चेयरमैन के चुनाव टाल रही है. भाजपा का कहना है कि यह लोकतांत्रिक व्यवस्था और जनता के जनादेश का अपमान है.

भाजपा राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन ने कहा, "यदि सरकार ने जल्द चुनाव प्रक्रिया पूरी नहीं करवाई तो पार्टी प्रदेशभर में बड़ा जन आंदोलन शुरू करेगी. सरकार संवैधानिक संस्थाओं के साथ खिलवाड़ कर रही है और चुने हुए जनप्रतिनिधियों के अधिकारों की अनदेखी कर रही है. मामले में भाजपा कोर्ट का रुख भी कर सकती है".

कुल्लू में भाजपा का प्रदर्शन

इसी मुद्दे को लेकर जिला कुल्लू के मुख्यालय ढालपुर में भाजपा ने विरोध प्रदर्शन किया. इस दौरान भाजपा ने एक रैली निकाली, जो ढालपुर होते हुए डीसी कार्यालय पहुंची. जहां पर भाजपा नेताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. बीजेपी नेताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस हार के डर के कारण ना तो जिला परिषद के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद का चुनाव करवा पा रही है और ना ही पंचायत समिति तथा कुछ जगह पर नगर परिषद का गठन करवा रही है.

पूर्व मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा, "जिला कुल्लू में जिला परिषद पार्षदों को बैठक का निमंत्रण तो दिया गया, लेकिन यह नहीं बताया गया कि यह बैठक आखिर किसकी अध्यक्षता में होगी? क्योंकि अभी तक जिला परिषद पार्षदों के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव ही नहीं करवाए गए हैं. आज कांग्रेस सरकार लोकतंत्र का गला घोट रही है और अपनी हार को सामने देख जानबूझकर चुनाव को टालने का प्रयास कर रही है. लेकिन कांग्रेस सरकार का यह प्रयास का भी सफल नहीं होगा".

वही आनी के विधायक लोकेंद्र सिंह ने बताया, "उनकी विधानसभा में निरमंड बीडीसी के चुनाव भी अभी तक लंबित पड़े हुए हैं. बार-बार बीडीसी सदस्यों द्वारा प्रशासन से आग्रह किया जा रहा है, लेकिन प्रशासन उनकी बात को अनसुना कर रहा है. ऐसे में जब तक लोकतांत्रिक तरीके से चुनाव नहीं किए जाते हैं. तब तक बीडीसी सदस्य भी किस तरह से बैठक करेंगे और कैसे क्षेत्र के विकास की रूपरेखा को तैयार करेंगे. ऐसे में सरकार को चाहिए कि वह जल्द से जल्द चुनाव की तिथि घोषित करें".

बंजार के विधायक सुरेंद्र शौरी ने कहा, "पंचायती राज चुनाव में कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा है. ऐसे में अब वह जोड़-तोड़ की राजनीति कर रहे हैं. लेकिन जनता ने अपना बहुमत भाजपा समर्थित पार्षदों को दिया है. ऐसे में अब कांग्रेस सरकार जानबूझकर चुनाव में देरी करवा रही है, लेकिन अब उनकी यह योजना काम नहीं करेगी. प्रदेश में पंचायती राज के क्षेत्र में विकास को आगे बढ़ाने के लिए सरकार को जल्द से जल्द लंबित पड़े चुनाव की तिथि घोषित करनी चाहिए".

हमीरपुर में भाजपा का प्रदर्शन

हमीरपुर जिला परिषद अध्यक्ष व उपाध्यक्ष, पंचायत समिति अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के चुनाव शीघ्र करवाने की मांग को लेकर शनिवार को जिला भाजपा ने उपायुक्त कार्यालय हमीरपुर पहुंचकर प्रदर्शन किया. इस दौरान बीजेपी ने उपायुक्त के माध्यम से प्रदेश सरकार को ज्ञापन सौंपा. भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार जानबूझकर जिला परिषद अध्यक्ष और पंचायत समिति अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव करवाने में देरी कर रही है.

भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा, "प्रदेश सरकार ने पहले भी पंचायत चुनाव कराने में देरी की थी और उच्च न्यायालय के आदेशों के बाद चुनाव करवाए गए. पंचायत चुनाव में कांग्रेस की हार के बाद अब जिला परिषद अध्यक्ष तथा पंचायत समिति अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के चुनाव भी जानबूझकर टाले जा रहे हैं. यदि हमीरपुर जिले में जल्द चुनाव की तिथियां घोषित नहीं की गईं तो भाजपा उग्र आंदोलन करने को मजबूर होगी".

ये भी पढ़ें: मीडिया से बात करते कैमरे के सामने अचानक बेसुध हुए हर्ष महाजन, IGMC के CCU वार्ड में भर्ती