नगर निकाय चुनाव की मांग पर बुंडू में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन, ईवीएम व दलीय आधार पर चुनाव की उठी जोरदार आवाज
बुंडू में भाजपा ने धरना प्रदर्शन किया. जिसमें पार्टी के आला नेता शामिल हुए.

Published : January 5, 2026 at 10:04 PM IST
रांचीः झारखंड में नगर निकाय चुनाव अविलंब कराने की मांग को लेकर रांची के बुंडू में भारतीय जनता पार्टी ने राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला. सोमवार को बुंडू अनुमंडल कार्यालय के समक्ष भाजपा ने एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया. जहां दलीय आधार पर चुनाव, ईवीएम से मतदान और चुनाव में हो रही देरी को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला गया.
राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी
इस धरना प्रदर्शन में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी और समर्थक शामिल हुए. प्रदर्शन के दौरान नगर निकाय चुनाव में हो रही देरी को लेकर राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई. नेताओं ने कहा कि चुनाव टालकर सरकार लोकतंत्र को कमजोर कर रही है. धरना समाप्ति के बाद भाजपा के प्रतिनिधिमंडल ने अनुमंडल कार्यालय में मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा और जल्द चुनाव कराने की मांग की.
चुनाव टालना संविधान और लोकतंत्र का अपमान- प्रदीप वर्मा
राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप वर्मा ने कहा कि नगर निकाय चुनाव समय पर कराना सरकार की संवैधानिक जिम्मेदारी है, लेकिन झारखंड में जानबूझकर इसे टाला जा रहा है. उन्होंने कहा कि ईवीएम से मतदान और काउंटिंग दोनों तेज और पारदर्शी होती है, फिर भी सरकार चुनाव से भाग रही है. जनता के जनादेश से डर रही है सरकार को आगामी चुनावों में हार का डर सता रहा है. इसी वजह से अब तक नगर निकाय चुनाव की तिथि घोषित नहीं की गई. यह लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने की साजिश है.
बिना चुनी हुई निकाय के विकास असंभव- राजा पीटर
पूर्व मंत्री गोपाल कृष्ण पातर उर्फ राजा पीटर ने कहा कि नगर निकायों में जनप्रतिनिधि नहीं होने से विकास योजनाएं ठप पड़ी हैं. उन्होंने कहा कि गांव से लेकर शहर तक जनता परेशान है लेकिन सरकार मौन साधे बैठी है. भाजपा नेताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द नगर निकाय चुनाव की घोषणा नहीं की, तो आंदोलन को राज्य भर में और तेज किया जाएगा.
आज के धरना प्रदर्शन में पूर्व मंत्री जैलेन्द्र कुमार, पूर्व जिला अध्यक्ष गंगोत्री कुजूर, पूर्व विधायक रामकुमार पाहन, पूर्व विधायक रमाकांत महतो, प्रदेश प्रवक्ता आरती कुजूर, प्रदेश उपाध्यक्ष विनय महतो धीरज, जिला अध्यक्ष विवेक आनंद जायसवाल, धीरेंद्र महतो सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे. यह कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा लेकिन भाजपा के तेवर साफ तौर पर आक्रामक नजर आए.
इसे भी पढ़ें- जामताड़ा में बीजेपी ने शहरी निकाय चुनाव कराने की मांग को लेकर किया प्रदर्शन, सरकार की मंशा पर उठाए सवाल
इसे भी पढ़ें- हेमंत सरकार के खिलाफ भाजपा करेगी नगर परिषद का घेराव, करेगी ईवीएम से वोटिंग कराने की मांग
इसे भी पढ़ें- नगर निकाय चुनाव में राजनीतिक दलों ने झोंकी ताकत, बीजेपी ने की ईवीएम से चुनाव कराने की मांग

