महिलाओं पर FIR के विरोध में भाजपा का प्रदर्शन, जयराम बोले- नशे के खिलाफ लड़ने वालों को सजा क्यों?
नशे के खिलाफ पहरा देने वाली महिलाओं पर हुई FIR के विरोध में भाजपा ने मंगलवार को बिलासपुर में प्रदर्शन किया.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : December 30, 2025 at 5:12 PM IST
बिलासपुर: बिलासपुर जिले में नशे के खिलाफ मोर्चा संभालने वाली महिलाओं पर दर्ज एफआईआर को लेकर राजनीतिक विवाद गहराता जा रहा है. बरमाणा क्षेत्र के लगट गांव में चिट्टे और नशे की रोकथाम के लिए रात में ठिकरी पहरा देने वाली महिलाओं पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को बिलासपुर मुख्यालय में जोरदार प्रदर्शन किया. इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, महिलाएं और स्थानीय लोग शामिल हुए.
भाजपा द्वारा आयोजित यह विरोध मार्च शहर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरा. नारेबाजी के साथ निकाले गए इस मार्च में सरकार के खिलाफ जमकर रोष जताया गया. प्रदर्शन के बाद भाजपा के प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा और मामले में हस्तक्षेप की मांग की.
जयराम ने सरकार पर साधा निशाना
इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने किया. उन्होंने कहा कि लगट गांव की महिलाएं समाज और युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए स्वेच्छा से पहरा दे रही थीं. लेकिन सरकार ने उनके प्रयासों की सराहना करने के बजाय उन पर एफआईआर दर्ज कर दी, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है.
नशा माफिया पर कार्रवाई क्यों नहीं?
जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार नशा माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने में विफल रही है. उन्होंने कहा कि यदि चिट्टे के खिलाफ आवाज उठाने वालों पर ही मुकदमे दर्ज होंगे, तो अपराधियों का मनोबल बढ़ेगा और समाज में गलत संदेश जाएगा.
आंदोलन को प्रदेशभर में फैलाने की चेतावनी
पूर्व मुख्यमंत्री ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने जल्द ही एफआईआर वापस नहीं ली, तो भाजपा इस आंदोलन को जिले से बाहर निकालकर पूरे प्रदेश में फैलाएगी. उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे के खिलाफ जनता की लड़ाई को कमजोर नहीं पड़ने दिया जाएगा.
प्रशासन के रवैये पर सवाल
प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने कहा कि ग्रामीण समाज अपने स्तर पर नशे के खिलाफ जागरूकता और पहरा दे रहा है, लेकिन प्रशासन का रवैया निराशाजनक है. इससे आम लोगों में आक्रोश बढ़ रहा है. भाजपा नेताओं ने मांग की कि महिलाओं पर दर्ज एफआईआर को तुरंत रद्द किया जाए और पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई हो. पार्टी ने सरकार से नशा माफिया के खिलाफ सख्त अभियान चलाने और महिलाओं के सम्मान की रक्षा करने की अपील की.
ये भी पढ़ें: कंधों पर लादकर कार को ले जाते दिखे लोग, वीडियो हुआ वायरल

