ETV Bharat / state

AI समिट में यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन पर बिहार में जबरदस्त हंगामा, राहुल गांधी से माफी की मांग

न्यूटन का तीसरा नियम है, प्रत्येक क्रिया के विपरीत बराबर प्रतिक्रिया होती है. राजनीति में इसका उदाहरण हमेशा दिखता है. पढ़ें खबर

BJP protest
पटना में बीजेपी का प्रदर्शन (Bihar News)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : February 21, 2026 at 3:25 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

पटना : पटना में राहुल गांधी के खिलाफ भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया. कुम्हरार से विधायक संजय गुप्ता के नेतृत्व में कार्यकर्ता प्रदेश भाजपा मुख्यालय से मार्च करते हुए इनकम टैक्स चौराहा पहुंचे, जहां उन्होंने राहुल गांधी का पुतला दहन किया. प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी पर देशविरोधी मानसिकता रखने का आरोप लगाया और कहा कि उनकी हरकतों से भारतीय संस्कृति को ठेस पहुंची है.

'देश की छवि को नुकसान पहुंचा' : इस दौरान कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी की और उनसे देश की जनता से माफी मांगने की मांग की. प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि दिल्ली में आयोजित एआई समिट के दौरान कांग्रेस से जुड़े युवाओं ने जिस तरह से प्रदर्शन किया, उससे देश की छवि को नुकसान पहुंचा है और पूरा देश शर्मसार हुआ है.

देखें यह रिपोर्ट (ETV Bharat)

'राहुल गांधी के इशारे पर प्रदर्शन' : भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना था कि जब दुनिया भर से प्रतिनिधिमंडल भारत की आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस क्षेत्र में बढ़ती क्षमता को देखने पहुंचे थे, उसी समय कांग्रेस समर्थकों द्वारा किया गया प्रदर्शन अनुचित और निंदनीय है. उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब राहुल गांधी के इशारे पर हुआ और इसका मकसद अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत को बदनाम करना था.

'ये गंभीर मामला है' : इस मौके पर कुम्हरार विधायक संजय गुप्ता ने कहा कि दिल्ली में एआई समिट के दौरान जिस तरह से कांग्रेस से जुड़े युवाओं ने प्रदर्शन किया, उससे देश की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है. उन्होंने आरोप लगाया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में भारत जिस तेजी से प्रगति कर रहा है, उसे देखने के लिए दुनिया के कई देशों के प्रतिनिधि आए थे.

BJP protest
सड़क पर उतरे बीजेपी कार्यकर्ता (ETV Bharat)

''ऐसे समय में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा कथित तौर पर अनुचित और अशोभनीय प्रदर्शन कर भारत की छवि खराब करने की कोशिश की गई. गलत तरीके से प्रवेश पहचान पत्र बनाकर समिट में घुसने और प्रदर्शन करने की कोशिश की गई, जो गंभीर मामला है. इस पूरे घटनाक्रम से देश आहत है और इसी के विरोध में भाजपा कार्यकर्ता सड़क पर उतरे हैं.''- संजय गुप्ता, कुम्हरार विधायक

राहुल गांधी से माफी की मांग : भाजपा नेता सुमित सिन्हा ने भी इस मामले पर कांग्रेस और राहुल गांधी पर हमला बोला. उन्होंने कहा कि एआई समिट ऐसा मंच था, जहां पूरी दुनिया भारत की तकनीकी क्षमता को देख रही थी, लेकिन कांग्रेस समर्थकों ने वहां नग्न प्रदर्शन कर भारतीय संस्कृति को बदनाम करने का प्रयास किया. उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब राहुल गांधी के निर्देश पर हुआ और इसका उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की छवि को धूमिल करना था.

BJP protest
बीजेपी का हल्ला बोल (ETV Bharat)

''जिस मुद्दे को लेकर प्रदर्शन किया गया, वह उस मंच के लिए उचित नहीं था. यदि कांग्रेस को टैरिफ जैसे किसी विषय पर विरोध करना था तो उसके लिए दिल्ली में कई अन्य स्थान मौजूद थे, लेकिन एआई समिट जैसे वैश्विक कार्यक्रम को निशाना बनाना गलत है.''- सुमित सिन्हा, भाजपा नेता

यह घटना दुर्भाग्यपूर्ण : भाजपा नेताओं ने स्पष्ट किया कि इस घटना से देश की भावनाएं आहत हुई हैं और राहुल गांधी को इस पूरे मामले पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए. उन्होंने कहा कि देश का नाम रोशन करने के प्रयासों के बीच इस तरह की गतिविधियां दुर्भाग्यपूर्ण हैं. भाजपा ने चेतावनी दी कि यदि राहुल गांधी ने माफी नहीं मांगी तो आगे भी आंदोलन जारी रहेगा.

ये भी पढ़ें :-

AI समिट में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं का विरोध-प्रदर्शन, पीएम मोदी के खिलाफ लगाए नारे

AI समिट में बवाल: यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने शर्ट उतारकर की नारेबाजी

'ये है कांग्रेस का दिवालियापन...', भारत मंडपम में यूथ कांग्रेस का शर्टलेस प्रदर्शन, भड़की बीजेपी