ETV Bharat / state

बनारस में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा- 2027 में मिलेगी 2017 से भी बड़ी जीत, हर बूथ तक पहुंचना टारगेट

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी गुरुवार को वाराणसी में थे. उन्होंने कहा, 2027 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी प्रचंड जीत हासिल करेगी.

Photo Credit: ETV Bharat
सभी को साथ लेकर निभाने का प्रयास रहेगा: पंकज चौधरी (Photo Credit: ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : January 8, 2026 at 9:42 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

वाराणसी: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि जो कार्यकर्ता संगठन द्वारा सौंपे गए दायित्व को पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाता है, वही सच्चा कार्यकर्ता होता है. भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है, संगठन ही हमारी पहचान है और कार्यकर्ता मेरे लिए सर्वोपरि हैं. कार्यकर्ताओं के बल पर ही भाजपा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रचंड जीत हासिल करेगी.

उत्तर प्रदेश को मजबूत बनाना जरूरी है: प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी रोहनिया स्थित भाजपा क्षेत्रीय कार्यालय पर आयोजित वाराणसी जिला एवं महानगर के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं मंडल अध्यक्षों की बैठक को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में अब 13 महीने ही बचे है. वाराणसी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संसदीय क्षेत्र है. वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के प्रधानमंत्री के संकल्प को पूरा करने के लिए उत्तर प्रदेश को मजबूत बनाना होगा.

पूरी दुनिया भारत को गंभीरता से सुनती है: प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 2027 में भाजपा को 2017 से भी बड़ी जीत दिलाने की जिम्मेदारी कार्यकर्ताओं के कंधों पर है. एक समय था जब भारत की बात कोई नहीं सुनता था, लेकिन आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत जब बोलता है तो पूरी दुनिया गंभीरता से उसकी बात सुनती है. यह कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम का ही परिणाम है कि आज देश और प्रदेश में भाजपा की सरकार है.

विश्व में भारत का मान-सम्मान बढ़ा है: उन्होंने कहा कि कोविड जैसी विपदा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरे देश को संभाला और बिना किसी भेदभाव के देश का सर्वांगीण विकास किया. आज प्रधानमंत्री को 28 से अधिक देशों द्वारा सर्वोच्च सम्मान प्रदान किया जा चुका है, जिससे विश्व में भारत का मान-सम्मान बढ़ा है. उन्होंने कहा कि भारत आज दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ने वाली चौथी अर्थव्यवस्था बन चुका है.

सभी को साथ लेकर चलने की कोशिश: प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि बीजेपी कार्यकर्ताओं के परिश्रम के कारण ही वे सातवीं बार सांसद के रूप में काम कर रहे हैं. पार्टी ने उन्हें दूसरी बार केंद्र सरकार में वित्त राज्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी दी और अब उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है, जिसे वे सभी को साथ लेकर निभाने का प्रयास करेंगे.

मतदाता सूची का अध्ययन करें कार्यकर्ता: प्रदेश अध्यक्ष ने एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) अभियान को लेकर कहा कि ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित हो चुकी है. सभी कार्यकर्ताओं को चाहिए कि वे मतदाता सूची का गहन अध्ययन करें, ताकि कोई पात्र मतदाता छूटने न पाए और कोई अपात्र मतदाता सूची में शामिल न हो. उन्होंने कहा कि अभी जितनी मेहनत कर ली जाएगी, चुनाव के समय उतनी ही कम मेहनत करनी पड़ेगी और जीत सुनिश्चित होगी.

यह भी पढ़ें- मकर संक्रांति के बाद निगम, बोर्ड और आयोगों के रिक्त हजारों पद भरे जाएंगे; बीजेपी नेताओं में कश्मकश