ETV Bharat / state

विधायकी नहीं छोड़ेंगे नितिन नबीन, BJP अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार बिहार विधानसभा की कार्यवाही में लिया हिस्सा

बीजेपी अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नबीन बिहार दौरे पर हैं. आज उन्होंने बतौर विधायक विधानसभा की कार्यवाही में हिस्सा लिया. पढ़ें पूरी खबर..

Nitin Nabin
बीजेपी विधायकों के साथ नितिन नबीन (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : February 10, 2026 at 5:43 PM IST

6 Min Read
Choose ETV Bharat

पटना: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार नितिन नबीन पहली बार बिहार विधानसभा पहुंचे. उनके पहुंचने से पहले सत्तारूढ़ दल के सभी विधायक, मंत्री, उपमुख्यमंत्री उनकी अगवानी के लिए तैयार थे. जैसे ही बीजेपी अध्यक्ष पहुंचे, उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा ने फूलों का गुलदस्ता देकर उनका स्वागत किया. इस दौरान तमाम घटक दलों के नेता भी वहां मौजूद थे.

विधानसभा की कार्यवाही में शामिल हुए नितिन नबीन: बिहार विधानसभा पहुंचे नितिन नबीन वहां मौजूद तमाम लोगों से अपने पुराने अंदाज में मिले. विधानसभा के पोर्टिको में सभी नेताओं के साथ फोटो भी खिंचवाई. उनके स्वागत में सभी सत्तारूढ़ दल के विधायकों ने खड़े होकर ताली बजाई. जब वह बिहार विधानसभा में अंदर आए तो उनके बैठने की व्यवस्था भी अलग की गई. जिस स्थान पर विधानसभा के उपाध्यक्ष नरेंद्र नारायण यादव बैठते हैं, उनकी बगल वाली सीट उनको दी गई.

विधानसभा की कार्यवाही में शामिल हुए नितिन नबीन (ETV Bharat)

विजय चौधरी ने दी बधाई: इसके बाद, सभी घटक दलों के मुख्य सदस्यों ने उनके स्वागत में भाषण दिए. सबसे पहले जनता दल यूनाइटेड की तरफ से वरिष्ठ मंत्री विजय कुमार चौधरी ने भाषण दिया. उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने बिहार के कार्यकर्ता को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाकर बिहार के लोगों की क्षमता और विश्वसनीयता पर मुहर लगाई है. नितिन नबीन बिहार और केंद्र की समावेश को आगे लेकर चलेंगे और एक नवीन विरासत लिखेंगे.

सम्राट चौधरी ने किया स्वागत: अपने संबोधन में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि इस सदन का कोई व्यक्ति इतने बड़े पद पर गया हो, यह अपने आप में गौरव की बात है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जिस तरीके से कहा कि नितिन नबीन हमारे बॉस हैं, यह सबसे बड़ी बात है. पूरे सदन की तरफ से मैं बधाई देता हूं और उनके उज्जवल भविष्य की कामना करता हूं.

Nitin Nabin
विधानसभा गेट के बाहर बीजेपी नेताओं के साथ नितिन नबीन (ETV Bharat)

राजू तिवारी ने की तारीफ: लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी ने भी स्वागत भाषण दिया. उन्होंने कहा कि वह अपनी पार्टी और राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान की तरफ से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का स्वागत करते हैं. यह हमारे लिए गौरव की बात है कि जिस सदन में हम हैं, उस सदन के एक व्यक्ति इतने बड़े पद पर गए हैं.

माधव आनंद ने बताया प्रेरणा: राष्ट्रीय लोक मोर्चा के विधायक माधव आनंद ने कहा कि यह हमारे जैसे युवाओं के लिए प्रेरणा है. जिस तरीके से भाजपा ने एक साधारण कार्यकर्ता को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया है, यह हमारे लिए गौरव की बात है. उन्होंने कहा कि अब हमें और भी प्रेरणा मिल रही है, राजनीति में तन-मन-धन के साथ लगने की.

Nitin Nabin
संजय सरावगी, सम्राट चौधरी और प्रेम कुमार के साथ नितिन नबीन (ETV Bharat)

क्या बोले नितिन नबीन?: विधानसभा की कार्यवाही के दौरान नितिन नबीन ने अपने संबोधन में कहा कि 2006 में वह पहली बार विधायक बने थे. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार की छवि को बदलने का काम किया है. बिहार अगर सम्मान पा रहा है तो हम लोगों के 20 साल के मेहनत का प्रतिफल है. देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जहां सेवा भाव से काम किया, वहीं सीएम ने सुशासन लाने में सफलता हासिल की. बीजेपी विधायक ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बिहार के विकास के लिए जो कुछ भी उनकी भूमिका होगी, उसे निभाने का काम करेंगे.

विधायक बने रहेंगे नितिन नबीन (ETV Bharat)

विधायक बने रहेंगे नितिन नबीन: अपने भाषण में नितिन नबीन ने फ्यूचर प्लान के बारे में भी बताया. राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि मुझे पार्टी ने अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दी है उसे तो मैं निभाता ही रहूंगा लेकिन बांकीपुर के विधायक के रूप में भी मैं अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करता रहूंगा.

"पार्टी और बिहार के लोगों ने मुझ पर भरोसा जताया है. उस पर खरा उतरने का काम करूंगा. अपने विधानसभा क्षेत्र के प्रति भी जो मेरी जिम्मेदारी है, उसे भी पूरा करूंगा."- नितिन नबीन, राष्ट्रीय अध्यक्ष, भारतीय जनता पार्टी

Nitin Nabin
विधानसभा की कार्यवाही के दौरान नितिन नबीन (ETV Bharat)

क्या है रणनीति?: भाजपा प्रवक्ता प्रेम रंजन पटेल ने कहा कि नितिन नबीन पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं और वह बांकीपुर से विधायक भी हैं. अपनी जन्मभूमि से उन्हें बेहद लगाव है. इसे वह कायम रखना चाहते हैं. बांकीपुर की जनता ने उन पर भरोसा जताया है. वह बांकीपुर की जनता का भी ख्याल रखते हैं. उन्होंने अपने भाषण में भी कहा है कि बिहार से उनका जुड़ाव कायम रहेगा.

क्या कहते हैं जानकार?: राजनीतिक विश्लेषक डॉक्टर संजय कुमार का मानना है कि नितिन नबीन बिहार छोड़ना नहीं चाहते हैं. राजनीतिक तौर पर पटना से वह जुड़े रहना चाहते हैं. इससे वह कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आम जनता के बीच भी संदेश देना चाहते हैं.

Nitin Nabin
स्पीकर और विधायकों के साथ नितिन नबीन (ETV Bharat)

"नितिन नबीन बांकीपुर विधानसभा सीट का विधायक बने रहेंगे. इससे मिड टर्म पोल की संभावना बिल्कुल खत्म हो चुकी है और उनके राज्यसभा जाने की बात पर भी विराम लग चुका है. संभव है कि वह लोकसभा चुनाव पटना साहब से ही लड़ें और तब तक वह बांकीपुर का प्रतिनिधित्व करते रहेंगे."- डॉ. संजय कुमार, राजनीतिक विश्लेषक

Nitin Nabin
विधानसभा परिसर में पौधे लगाते नितिन नबीन (ETV Bharat)

बांकीपुर से विधायक हैं नितिन नबीन: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन पटना के बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं. साल 2006 में वह पहली बार विधायक बने थे. पिता नवीन किशोर सिन्हा के निधन के बाद पार्टी ने उन्हें विधानसभा का टिकट दिया था. राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने के बाद यह कयास लगाये जा रहे थे कि वह विधायकी से इस्तीफा देंगे. बांकीपुर सीट पर उपचुनाव होगा और वह राज्यसभा भेजे जाएंगे लेकिन अब साफ हो गया है कि वह विधायक बने रहेंगे.

ये भी पढ़ें:

'हर बिहारी खुद को BJP का अध्यक्ष समझेगा, तभी PM मोदी का सपना सच होगा', बंगाल चुनाव पर नितिन नबीन की नजर

पार्टी की संगठनात्मक बैठक में बोले नितिन नबीन- 'कार्यकर्ता ही पार्टी के असली बॉस'

नितिन नबीन ने संभाली बीजेपी की कमान, पीएम मोदी ने कहा- वे मेरे बॉस, मैं उनका कार्यकर्ता

नितिन नबीन ने विधानसभा चुनाव 2026 में पार्टी की जीत पर भरोसा जताया