बंद पर बोले सांसद विद्युत वरण महतो- क्राइम जोन बन चुका है जमशेदपुर, हालात नहीं सुधरे तो हमारे पास और भी हैं रास्ते
हिमांशु हत्याकांड के विरोध में बीजेपी ने जमशेदपुर बंद का आह्वान किया है. खुद सांसद बंद के समर्थन में सड़कों पर उतरे हैं.

Published : July 3, 2026 at 2:40 PM IST
जमशेदपुर: हिमांशु हत्याकांड के विरोध में सांसद विद्युत वरण महतो सड़क पर उतरे. बीजेपी सांसद ने कहा कि शहर में अपराधियों का बोलबाला है, जिसके विरोध में आज बंद कराया जा रहा है. अगर इसके बाद भी हालात नहीं सुधरे तो और भी रास्ते हैं.
दुकानों को बंद कराते दिखे बीजेपी कार्यकर्ता
दरअसल, जमशेदपुर में बंद का व्यापक असर देखने को मिल रहा है. सुबह से ही भाजपा नेता एवं कार्यकर्त्ता बंद कराने निकल पड़े. वहीं शहर में बढ़ते अपराध के विरोध में बीजेपी के बंद को आम जनता का भी पूरा समर्थन देखने को मिला है. सुबह से ही दुकानें नहीं खुली. शहर के अलग-अलग क्षेत्र में बंद समर्थक घूमते रहे. इधर, सांसद विद्युत वरण महतो अपने समर्थको के साथ बंद कराने निकले. इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष और पार्टी के कार्यकर्त्ता भी मौजूद रहे.
जिले में अपराध पर अंकुश लगाने में पुलिस विफल: सांसद
सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि शहर में पुलिस के समक्ष युवक की हत्या से आम जनता में भय का माहौल है जबकि पुलिस प्रशासन अपराध पर अंकुश लगाने में विफल है. आज के बंद का आम जनता और सभी दुकानदारों का खुद से समर्थन मिल रहा है. सरकार की लापरवाही की वजह से शहर के ये हालात हैं, अभी भाजपा ने शहर बंद कराया है. अगर हालात नहीं सुधरे तो और भी रास्ते हैं.

जिले के छह थानों में निषेधाज्ञा लागू
बंद के दौरान जिला प्रशासन भी पूरे माहौल की मॉनिटरिंग कर रहा था. धालभूम अनुमंडल पदाधिकारी एसडीओ अर्नब मिश्रा ने कहा कि जमशेदपुर के छह थाना क्षेत्रों में धारा 163 लागू है. हिंसक प्रदर्शनों पर रोक लगाई गई है. शांतिपूर्ण कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने साकची गोल चक्कर सहित छह थाना क्षेत्रों में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता यानी बीएनएसएस की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू की है. उन्होंने बताया कि इस आदेश के तहत किसी भी प्रकार के हिंसक विरोध प्रदर्शन, गैर-कानूनी जमावड़े और हथियार लेकर चलने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है.
कानून का उल्लंघन करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई: एसडीओ
फिलहाल शहर में स्थिति पूरी तरह से शांतिपूर्ण है और अभी तक किसी भी हिंसक विरोध प्रदर्शन की कोई सूचना नहीं है. उन्होंने साफ कहा कि प्रशासन का निर्देश है कि यदि कोई भी सभा या विरोध प्रदर्शन आयोजित किया जाता है, तो वह पूरी तरह से शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से होना चाहिए. कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें- हिमांशु सिंह हत्याकांड: आदित्यपुर बंद कराने सड़क पर उतरे BJP कार्यकर्ता, मेयर समेत 40 से अधिक लोग हुए डिटेन
हिमांशु हत्याकांड: जमशेदपुर बंद की पूर्व संध्या पर एनडीए का मशाल जुलूस, सरयू राय हुए शामिल

