शिमला मेयर के बजट पेश करने का बीजेपी ने जताया विरोध, हाउस में की नारेबाजी
शिमला नगर निगम ने आज 2026-27 के लिए सालाना बजट पेश किया. महापौर सुरेंद्र चौहान के बजट पेश करने पर बीजेपी ने आपत्ति जताई


By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : February 20, 2026 at 1:05 PM IST
शिमला: कांग्रेस शासित शिमला नगर निगम आज अपना बजट पेश कर रहा है. महापौर सुरेंद्र चौहान शुक्रवार को अपना तीसरा बजट पेश करने के लिए बचत भवन पहुंचे और जैसे ही बजट पेश करने लगे तो बीजेपी पार्षदों ने सदन के अंदर हंगामा शुरू कर दिया और नारेबाजी करने लगे. बीजेपी पार्षद बजट का बायकॉट करते हुए बाहर निकल गए. इससे हाउस के अंदर कुछ समय के लिए गहमागहमी हो गई.
भाजपा पार्षदों ने आरोप लगाया कि महापौर का कार्यकाल खत्म हो गया है. उन्हें ढाई साल के लिए ही महापौर बनाया था और उनकी जगह किसी महिला को इस कुर्सी के लिए चयनित करना था, लेकिन सरकार ने 5 साल के लिए कार्यकाल कर दिया है. इसकी अभी तक राज्यपाल से भी मंजूरी नहीं मिली है. ऐसे में महापौर बजट पेश नहीं कर सकते हैं. मामला भी हाईकोर्ट में विचाराधीन है. उन्हें नैतिकता के आधार पर अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए.
बजट पेश करने पर आपत्ति
भाजपा पार्षद सरोज ठाकुर ने कहा कि 'ढाई साल का कार्यकाल पूरा होने के बाद अब महापौर के पद पर महिला काबिज होनी थी, लेकिन सरकार ने उनका कार्यकाल बढ़ाकर 5 साल कर दिया है, जोकि महिलाओ के साथ अन्याय है. मामला हाईकोर्ट में है. अभी तक वहां से इसे लेकर कोई फैसला नहीं आया है. साथ ही राज्यपाल से भी अभी कार्यकाल बढ़ाने को लेकर मंजूरी नहीं मिली है. उनके पास बजट पेश करने का अधिकार नहीं ऐसे में सुरेंद्र चौहान बजट पेश नहीं कर सकते हैं. ये संविधान के खिलाफ है. भाजपा इसका विरोध करती है. दो बार पहले जो बजट पेश किया गया है उसमें जो वादे किए थे वो भी अभी तक पूरे नहीं किए गए हैं. ऐसे ही झूठे वादे बजट में इस बार भी किए गए हैं और हम इसका विरोध करते हैं.'
बजट में की कई घोषणाएं
वहीं, मेयर सुरेंद्र चौहान ने अपने कार्यकाल का तीसरा बजट पेश किया. बजट में शिमला शहर में 6 साइकलिंग ट्रैक बनाने, नगर निगम शिमला के कर्मचारियों के लिए पहली बार बीमा योजना, रिज और माल रोड पर टॉयलेट के अंदर सेनेट्री पेड उपलब्ध करवाने, शहर में सीसीटीवी कैमरे लगवाने, शिमला के माल रोड पर बेबी फीडिंग रूम बनाने की घोषणा की है.

