नगर निगम की 'कृपा', शासन की 'माया': अब लखनऊ के जियामऊ में सजेगा BJP का नया राजसी ठाठ
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि चैत्र नवरात्रि में भूमि पूजन से शुरू होने वाला यह निर्माण 2029 तक पूरा होगा.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : February 24, 2026 at 4:03 PM IST
|Updated : February 24, 2026 at 5:03 PM IST
लखनऊ : भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश इकाई के लिए एक नया, भव्य प्रदेश कार्यालय बनाने की तैयारी अंतिम चरण में पहुंच गई है. यह नया कार्यालय जियामऊ क्षेत्र में निर्मित होगा. इसका भूमि पूजन चैत्र नवरात्रि के शुभ अवसर पर किया जाएगा.
हजरतगंज स्थित पुराना प्रदेश कार्यालय 2029 तक नए स्थान पर पूरी तरह स्थानांतरित हो जाएगा. यह 10 मंजिला इमारत होगी, जिसमें तीन मंजिलें भूमिगत (बेसमेंट) और सात मंजिलें ऊपरी हिस्से में होंगी.
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने बताया कि यह परियोजना पार्टी की दीर्घकालिक रणनीति का हिस्सा है, जो संगठन को और सशक्त बनाएगी. चैत्र नवरात्रि में भूमि पूजन से शुरू होने वाला यह निर्माण 2029 तक पूरा होकर पार्टी को नई ऊर्जा प्रदान करेगा.
उन्होंने कहा कि यह कदम भाजपा की बढ़ती ताकत और जनाधार को और मजबूत करने का संकेत है. उन्होंने बताया कि निश्चित तौर पर हमारा नया कार्यालय बनेगा. निकट भविष्य में इसका निर्माण शुरू किया जाएगा. बीजेपी के नए प्रदेश कार्यालय को रास्ता लोहिया पथ से मिलेगा, ताकि आसानी से पार्टी कार्यालय पहुंचा जा सकेगा.
भाजपा के दिल्ली स्थित राष्ट्रीय कार्यालय की भव्यता से प्रेरणा लेकर यह नया उत्तर प्रदेश कार्यालय भी बनाया जा रहा है. भाजपा का राष्ट्रीय मुख्यालय दिल्ली के दीन दयाल उपाध्याय मार्ग पर स्थित है. 2018 में उद्घाटित यह भवन लगभग 1.70 लाख वर्ग फीट क्षेत्र में फैला है. इसमें अत्याधुनिक संचार प्रौद्योगिकी, मीडिया रूम, आईटी सेल, ऑडिटोरियम, बैठक कक्ष और नेता-कार्यकर्ताओं के लिए आवासीय सुविधाएं शामिल हैं.
भवन में बहु-मंजिला संरचना, उच्च सुरक्षा व्यवस्था और कॉर्पोरेट स्टाइल का आधुनिक डिजाइन है. इसी तरह, दिल्ली भाजपा का नया प्रदेश कार्यालय भी भव्य है. यह पांच मंजिला इमारत है, जो 825 वर्ग मीटर प्लॉट पर बनी है और कुल 30 हजार वर्ग फीट क्षेत्रफल में फैली हुई है.
इसमें प्रवेश द्वार पर ऊंचे स्तंभ हैं. भवन पर्यावरण-अनुकूल है, जिसमें दो बेसमेंट पार्किंग (50 वाहनों की क्षमता), आधुनिक सुविधाएं, 300 लोगों की क्षमता वाला सभागार और हर मंजिल पर आलीशान इंतजाम हैं.
यह भी पढ़ें : 2030 तक बनेगी यूपी की नई विधानसभा, जानिए लोकेशन और डिजाइन?
यह भी पढ़ें : अगले पांच साल में लखनऊ के ऐतिहासिक स्थल होंगे स्थानांतरित! जानिये क्या होगा बदलाव

